रघु साहू जिला ब्यूरों चीफ जांजगीर
जांजगीर-चांपा, 28 मई 2026 थाना चांपा पुलिस ने सड़क पर मारपीट और झपटमारी करने वाले तीन आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने ट्रैक्टर से रास्ता रोककर युवक से मारपीट की थी और उसकी जेब से 2500 रुपये छीनकर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 500 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सिवनी निवासी संजय शर्मा ने 26 मई 2026 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 26 मई की रात लगभग 8:45 बजे वह अपनी एक्टिवा से सिवनी से चांपा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सिवनी-जगदल्ला मार्ग पर पीछे से आ रहे एक ट्रैक्टर ने सड़क को पूरी तरह घेर लिया। दुर्घटना से बचने के लिए उन्हें अपनी गाड़ी खेत की ओर उतारनी पड़ी।
इसके बाद जब वह सिंचाई विभाग कार्यालय चौक के पास पहुंचे तो वहां खड़े ट्रैक्टर का फोटो और वीडियो बनाने लगे। इसी बात को लेकर ट्रैक्टर चालक और उसके साथ मौजूद अन्य युवकों ने उनके साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उनकी जेब से लगभग 2500 रुपये छीन लिए तथा वाहन की चाबी छीनने का भी प्रयास किया।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 264/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में थाना चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गवाहों के बयान और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि छीने गए 2500 रुपये में से 1500 रुपये डीजल भरवाने तथा 500 रुपये खाने-पीने में खर्च कर दिए गए। शेष 500 रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए।
गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश कुमार देवांगन निवासी राजापारा चांपा, अमर सिंह सिदार निवासी जगदल्ला चांपा तथा राहुल यादव निवासी जगदल्ला थाना चांपा शामिल हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, प्रधान आरक्षक गणेश कौशिक, आदित्य प्रताप सिंह, कैलाश यादव एवं थाना चांपा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

