चांपा थाना स्कूल में चोरी करने वाले गिरोह का फरार आरोपी गिरफ्तार

 रघु साहू जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़


चांपा पुलिस को बड़ी सफलता, एक लाख रुपये से अधिक का सामान बरामद

जांजगीर-चांपा, 28 मई 2026

थाना चांपा पुलिस ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोजपुर चांपा में हुई चोरी के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोजपुर चांपा के प्राचार्य नवनीत पटेल ने 8 अक्टूबर 2025 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि दशहरा अवकाश के दौरान 26 सितंबर 2025 को विद्यालय बंद कर स्टाफ अपने घर चला गया था। अवकाश समाप्त होने के बाद 8 अक्टूबर को स्कूल खुलने पर संकुल केंद्र के कमरे का ताला टूटा मिला। जांच करने पर एलजी स्मार्ट एलईडी टीवी, क्लेम्प मीटर, डिजिटल मल्टीमीटर, प्लायर, एलईडी लाइट सेट, कूलर मोटर, हैमर, आयरन, पेंट, स्क्रू ड्राइवर तथा सर्किट बोर्ड सहित अन्य सामान गायब पाया गया। अज्ञात चोरों ने खिड़की की रॉड तोड़कर कमरे में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

मामले में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 460/25 के तहत धारा 331(4) एवं 305(ए) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पहले आरोपी यश मिरी, अभिषेक मिरी एवं नितेश कुर्रे, निवासी बैगीन बंधान चांपा को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में तीनों ने चोरी करना स्वीकार किया। उनके कब्जे से दो एलईडी टीवी, कांसा के बर्तन, वाई-फाई उपकरण, प्रोजेक्टर, बैटरी, टुल्लू पंप सहित कुल 1 लाख 3 हजार 200 रुपये का सामान बरामद किया गया था। तीनों आरोपियों को 5 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया था।

वहीं मामले में फरार आरोपी कुनाल मिरी पिता बुधेश्वर मिरी, उम्र 21 वर्ष, निवासी भोजपुर बैगिन तालाब चांपा की लगातार तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे उसके घर से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से छिपाकर रखा गया सीपीयू, की-बोर्ड तथा कांसा के बर्तन बरामद किए गए। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, सहायक उपनिरीक्षक बाबूलाल दिवाकर, आरक्षक प्रकाश द्विवेदी एवं थाना चांपा स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।


Post a Comment

Previous Post Next Post