मनेन्द्रगढ़ में ACB का बड़ा एक्शन, बिजली विभाग के JE और लाइनमैन ₹9500 रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

 जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल 



मनेन्द्रगढ़,। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (JE) और लाइनमैन को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, एक स्थानीय उपभोक्ता ने 5 हॉर्स पावर (HP) मोटर कनेक्शन के लिए बिजली विभाग में आवेदन किया था। आरोप है कि काम कराने के बदले कनिष्ठ अभियंता मनीष बजाज और लाइनमैन राकेश शुक्ला द्वारा ₹10 हजार रिश्वत की मांग की जा रही थी। लगातार चक्कर काटने और पैसों की मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद ACB टीम ने मामले की गोपनीय जांच की और शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप प्लान तैयार किया गया। योजना के तहत शिकायतकर्ता को ₹9500 देकर बिजली विभाग कार्यालय भेजा गया। जैसे ही दोनों आरोपियों ने रिश्वत की रकम ली, पहले से सादे कपड़ों में मौजूद ACB अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ लिया। अचानक हुई कार्रवाई से बिजली विभाग कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारी और अधिकारी अपनी सीट छोड़ बाहर निकल आए। ACB टीम ने मौके से जरूरी दस्तावेज और अन्य सबूत भी जुटाए। फिलहाल दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को सरकारी दफ्तरों में बढ़ती रिश्वतखोरी के खिलाफ सख्त संदेश माना जा रहा है। वहीं, मनेन्द्रगढ़ में हुई इस कार्रवाई के बाद आम लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि छोटे-छोटे कामों के लिए सरकारी विभागों में रिश्वत मांगना आम बात बन चुकी है, ऐसे में ACB की यह कार्रवाई लोगों का भरोसा बढ़ाने वाली मानी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post