जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया योगाभ्यास, कहा- स्वस्थ जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है योग
मनेन्द्रगढ़। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के बीच रविवार से सरस्वती शिशु मंदिर मनेंद्रगढ़ में निःशुल्क योग एवं चिकित्सा शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर के प्रथम दिन प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल शामिल हुए और योगाभ्यास कर आमजन को नियमित योग अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों ने सहभागिता निभाई।
शिविर में योग प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन योग प्रशिक्षक संजय अग्रवाल द्वारा प्रदान किया गया। उन्होंने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराते हुए बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का विज्ञान है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक तनाव से भी मुक्ति पाता है।
इस अवसर पर पूर्व योग आयोग अध्यक्ष की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन योग करने का आग्रह करते हुए कहा कि योग अनेक बीमारियों से बचाव का प्रभावी उपाय है और यह जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने कहा कि योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर हम दवाइयों पर निर्भरता कम कर सकते हैं तथा बेहतर स्वास्थ्य प्राप्त कर सकते हैं।
शिविर में उपस्थित लोगों ने योगाभ्यास कर निरोगी काया, स्वस्थ जीवन एवं सकारात्मक सोच को अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान 18वीं बटालियन के कमांडेंट संजय शर्मा, नगर के गणमान्य नागरिकों एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
निःशुल्क योग एवं चिकित्सा शिविर को स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। प्रथम दिन ही लोगों में उत्साह देखने को मिला, जिससे स्पष्ट है कि मनेंद्रगढ़ में योग के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ रही है।

