योग जगत को अपूरणीय क्षति: रूप नारायण सिंहा को मनेन्द्रगढ़ में भावभीनी श्रद्धांजलि

योग साधकों ने रखा मौन, योग एवं प्राणायाम सत्र रद्द कर दी श्रद्धांजलि


जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल 

मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष स्वर्गीय रूप नारायण सिंहा के आकस्मिक निधन पर एमसीबी पतंजलि योग सेवा समिति एवं महिला योग समिति द्वारा गहरा शोक व्यक्त करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर सभी योग साधकों एवं योग साधिकाओं ने एक मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

प्रतिदिन आयोजित होने वाले योग एवं प्राणायाम सत्र के समापन अवसर पर समिति के सदस्यों ने स्वर्गीय सिंहा के संघर्षमय जीवन, सरल एवं मृदुभाषी व्यक्तित्व तथा योग के प्रचार-प्रसार में उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में योग आंदोलन को नई दिशा मिली और हजारों लोगों तक योग एवं आयुर्वेद चिकित्सा का लाभ पहुंचा।

योग साधकों ने कहा कि स्वर्गीय रूप नारायण सिंहा के कार्यकाल में मनेन्द्रगढ़ योग समिति ने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न योग प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं तथा योग के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सदस्यों ने उनके निधन को योग जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया। कार्यक्रम के अंत में समिति द्वारा शोक स्वरूप प्रतिदिन आयोजित होने वाले विभिन्न योग चरणों के कार्यक्रम निरस्त कर दिए गए।

Post a Comment

Previous Post Next Post