करही गोलीकांड में बड़ा खुलासा: मास्टरमाइंड गनपत बघेल गिरफ्तार, पुलिस की “ऑपरेशन हंट” में बड़ी सफलता

रघु साहू जिला ब्यूरों चीफ जांजगीर चांपा 


जांजगीर-चांपा 27 मई 2026।
जांजगीर-चांपा जिले के चर्चित करही गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के मुख्य साजिशकर्ता और फरार आरोपी गनपत बघेल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की विशेष कार्रवाई “ऑपरेशन हंट” के तहत इससे पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

पुलिस के मुताबिक, इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे में TECHINT (तकनीकी सूचना) और HUMINT (मानवीय खुफिया सूचना) ने अहम भूमिका निभाई। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल और मैगजीन भी बरामद की गई है।

क्या था पूरा मामला?

23-24 अप्रैल 2026 की दरम्यानी रात ग्राम करही में तीन नकाबपोश बदमाश घर में घुस गए थे। आरोपियों ने युवक आयुष कश्यप पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी थी, जबकि बीच-बचाव करने आए उसके छोटे भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान 200 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले गए और लगातार साइबर व खुफिया टीम सक्रिय रही।

हत्या के पीछे निकली व्यवसायिक रंजिश

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि हत्या के पीछे उधारी विवाद, अवैध रेत कारोबार में प्रतिस्पर्धा और बढ़ती आर्थिक दुश्मनी मुख्य कारण थे।


मुख्य आरोपी गनपत बघेल ने पुलिस को बताया कि उसने हाईवा और जेसीबी मशीन लोन पर खरीदी थी और उनकी किस्त चुकाने के लिए अवैध रेत परिवहन का काम करता था। वहीं मृतक आयुष कश्यप भी रेत कारोबार में सक्रिय था और कम कीमत पर रेत बेचकर गनपत के ग्राहकों को अपनी ओर कर रहा था।

आरोपी के अनुसार, आयुष की बढ़ती आर्थिक स्थिति, दबदबा और कथित दादागिरी से वह मानसिक रूप से परेशान और आक्रोशित था। इसी वजह से उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

वारदात को ऐसे दिया अंजाम

पुलिस के अनुसार, घटना की रात आरोपी पहले से मृतक के घर के आसपास मौजूद थे। CCTV कैमरा तोड़ने के बाद आरोपी घर में घुसे। उन्होंने पहले मृतक के पिता के कमरे को बाहर से बंद किया और फिर आयुष कश्यप के कमरे में घुसकर फायरिंग शुरू कर दी।

गोलीबारी में आयुष की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे।

पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं ये आरोपी

इस मामले में पुलिस पहले ही:

हेमंत कुमार बघेल

भूषण बघेल

अमित टंडन

को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है।

अब मुख्य साजिशकर्ता गनपत बघेल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस का दावा

पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपी गनपत बघेल को 27 मई 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


रघु साहू जिला ब्यूरों चीफ जांजगीर चांपा

Post a Comment

Previous Post Next Post