सुरेन्द्र साहू, सूरजपुर /छत्तीसगढ़ – सूरजपुर जिले के शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव के प्रचार अभियान में पहुंचे छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनता से मतदान की अपील की और नगर पंचायत अध्यक्ष पद के भाजपा उम्मीदवार को विजयी माला पहनाकर जीत का भरोसा जताया।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि शिवनंदनपुर को नगर पंचायत का दर्जा भाजपा सरकार ने दिया है और आने वाले समय में इसे एक स्वच्छ, सुंदर और विकसित नगर के रूप में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान कर नगर पंचायत में विकास की नई इबारत लिखने का आह्वान किया।
सभा के दौरान अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं की “अमर, अकबर और एंथोनी” की जोड़ी आखिर किस उद्देश्य से एकजुट हुई है, यह प्रदेश की जनता भली-भांति समझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह गठजोड़ जनता के हितों के लिए नहीं, बल्कि अपराधियों को संरक्षण देने और प्रदेश को लूटने के लिए किया गया है।
चुनावी माहौल के बीच उपमुख्यमंत्री भाजपा की जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नजर आए। उन्होंने दावा किया कि नगर पंचायत चुनाव में जनता भाजपा के विकास कार्यों पर मुहर लगाएगी और शिवनंदनपुर सहित पूरे क्षेत्र में कमल खिलाएगी।
