ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल
अंत्योदय से राष्ट्रोदय तक"—स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कार्यकर्ताओं में भरा नया उत्साह
मनेन्द्रगढ़। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का गुरुवार को लाई स्थित द गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल में उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। जिले भर से पहुंचे लगभग 200 कार्यकर्ताओं ने शिविर में भाग लेकर संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और जनसेवा के मूल मंत्रों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन अवसर पर भाजपा नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने तथा जनहित के कार्यों को गति देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक व्यापक जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत बनाने और संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ करने का माध्यम है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय एवं एकात्म मानववाद के सिद्धांतों को भाजपा की मूल प्रेरणा बताते हुए कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आग्रह किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चम्पा देवी पावले ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविरों से कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यशैली, अनुशासन, जनसंपर्क और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन के कार्यक्रमों और योजनाओं को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया।
वर्ग प्रभारी रामलखन सिंह पैकरा ने बताया कि दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में संगठन का इतिहास, विचारधारा, सुशासन, सामाजिक समरसता, प्रभावी संवाद, नेतृत्व विकास और संगठन विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विभिन्न सत्र आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं में सेवा भाव, नेतृत्व क्षमता और संगठन कौशल का विकास करना है।
शिविर के दौरान कार्यकर्ताओं ने विभिन्न विषय विशेषज्ञों एवं वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन प्राप्त किया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाना तथा कार्यकर्ताओं को आगामी चुनौतियों के लिए तैयार करना रहा।
समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंती सिंह, महापौर रामनरेश राय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, राहुल सिंह, आशीष मजूमदार, संजय राय, जमुना पाण्डेय, रीता आईच, जया कर, ओमप्रकाश अग्रवाल, सरोज यादव, प्रतिमा पटवा, हीरालाल यादव, आदित्य गुप्ता, मनोज गुप्ता सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं जिले भर से आए कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संगठन की मजबूती, राष्ट्रहित और जनसेवा के संकल्प के साथ प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। कार्यकर्ताओं ने प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभवों को अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन विस्तार और जनकल्याण के कार्यों में उपयोग करने का संकल्प लिया।

