रघु साहू जिला ब्यूरों चीफ जांजगीर चांपा
चांपा, 28 मई 2026 थाना चांपा पुलिस ने आईपीएल मैच में ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मोबाइल फोन और 2000 रुपये नकद जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना चांपा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच चल रहे आईपीएल मैच में एक युवक हार-जीत पर रुपये लगाकर सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बेलदार पारा क्षेत्र में दबिश दी।
मौके पर पुलिस को मुखबिर के बताए हुलिए से मेल खाता एक युवक सड़क किनारे बैठा मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम मितेश देवांगन (24 वर्ष), निवासी बेलदार पारा, थाना चांपा बताया। पुलिस द्वारा मोबाइल की जांच करने पर उसमें सट्टा लगाने से संबंधित एप्लीकेशन मिली। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि आरोपी आईपीएल मैच में हार-जीत पर रुपये का दांव लगा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन एवं 2000 रुपये नगद जब्त कर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 268/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 में मामला दर्ज किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक सत्यम चौहान, आरक्षक ईश्वरी राठौर, गौरीशंकर राय, श्याम राठौर सहित थाना चांपा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में अवैध सट्टा और जुआ गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।
