जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल
मनेन्द्रगढ़। विकासखंड खड़गवां के ग्राम कटकोना में रविवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर जनसहभागिता और सुशासन का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया। “सुशासन तिहार-2026” के तहत आयोजित इस शिविर में हजारों ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जहां लोगों ने अपनी समस्याएं प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सामने रखीं। शिविर में कुल 1194 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें बड़ी संख्या में मामलों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को राहत प्रदान की गई।
कटकोना सहित मंगोरा, बेलकमार, जरौंधा, फुनगा, सलका, देवाडांड, कोड़ा, उधनापुर और आसपास के गांवों से पहुंचे ग्रामीण सुबह से ही शिविर स्थल पर जुटने लगे थे। प्रशासनिक अधिकारियों ने एक-एक आवेदन को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित कार्रवाई की। जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव था, उन्हें मौके पर ही हल किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को समय-सीमा में निपटाने के लिए संबंधित विभागों को सौंपा गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल रहे। उनके साथ जिला पंचायत सदस्य ममता सिंह, जनपद सदस्यगण, सरपंच, जनप्रतिनिधि तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, राजस्व, वन, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, पुलिस, आयुष, पशु चिकित्सा, जल संसाधन, मनरेगा, क्रेडा और आयुष्मान भारत सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी तथा मौके पर सेवाएं उपलब्ध कराईं। स्वास्थ्य मंत्री एवं अधिकारियों ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसके साथ ही बच्चों को ड्रेस वितरण कर प्रोत्साहित किया गया। विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को किसान किताब, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, दिव्यांग सहायता सामग्री तथा अन्य लाभों का वितरण किया गया। कई हितग्राहियों को मुख्यमंत्री किसान सहायता योजना, मिनीमाता महतारी जतन योजना और मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत आर्थिक सहायता के चेक भी प्रदान किए गए।
शिविर के दौरान नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपस्थित ग्रामीणों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं, बल्कि प्रशासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंच रहा है।
जिला पंचायत सदस्य ममता सिंह ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच भरोसे का मजबूत माध्यम बन गया है। वहीं कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने भरोसा दिलाया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा तथा किसी भी पात्र हितग्राही को योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
कटकोना में आयोजित यह शिविर केवल समस्याओं के समाधान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद, विश्वास और सहभागिता को मजबूत करने वाला एक प्रभावी मंच साबित हुआ।

