बरसों का इंतजार खत्म: हसदेव पर बनेगा विकास का सेतु, 16 गांवों की बदलेगी तकदीर7.35 करोड़ की लागत से उच्च स्तरीय पुल निर्माण का शुभारंभ, सालभर मिलेगा सीधा और सुरक्षित संपर्क

 

जिला ब्यूरो बबलू जिला जायसवाल



मनेन्द्रगढ़। हसदेव नदी पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण के साथ क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों का वर्षों पुराना इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। मनेन्द्रगढ़ विकासखंड के पेन्ड्री-मंगोरा बेलकामार मार्ग पर लगभग 7 करोड़ 35 लाख 68 हजार रुपये की लागत से बनने वाले हाईलेवल ब्रिज एवं पहुंच मार्ग का रविवार को विधिवत भूमिपूजन किया गया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से 16 गांवों के लोगों को वर्षभर सुरक्षित और निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

बरसात के दिनों में हसदेव नदी के उफान पर होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो जाता था, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई, किसानों की आवाजाही और मरीजों के उपचार में दिक्कतें आती थीं। पुल निर्माण शुरू होने के साथ ही क्षेत्रवासियों में नई उम्मीद जगी है कि अब इन समस्याओं से स्थायी राहत मिलेगी।

भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री  शामिल हुए। उन्होंने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।

अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हसदेव नदी पर बनने वाला यह पुल केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास का मजबूत आधार है। इसके बनने से ग्रामीणों को वर्षभर आवागमन की सुविधा मिलेगी, किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी और विद्यार्थियों तथा मरीजों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास को शहरों तक सीमित रखने के बजाय गांव-गांव तक पहुंचाने के संकल्प के साथ काम कर रही है। सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी सोच का परिणाम है कि क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांग को स्वीकृति देकर निर्माण कार्य शुरू कराया गया है।

पुल निर्माण से पेन्ड्री, मंगोरा, बेलकामार सहित आसपास के 16 गांवों की संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी। स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, कृषि उत्पादों के परिवहन में सुविधा होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

ग्रामीणों ने इस परियोजना को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह पुल आने वाले समय में विकास, सुविधा और समृद्धि का नया अध्याय लिखेगा। वर्षों से जिस पुल की मांग की जा रही थी, उसका निर्माण शुरू होना पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post