रघु साहू
जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़
जांजगीर चांपा- राज्य पुलिस अकादमी रायपुर से बुनियादी प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा 19 प्रशिक्षु उपनिरीक्षक एवं 2 प्रशिक्षु सूबेदार को 10 माह के जिला व्यवहारिक प्रशिक्षण हेतु जांजगीर-चांपा जिले में पदस्थ किया गया है। प्रशिक्षुओं की तैनाती से जिला पुलिस बल को नई ऊर्जा और कार्यक्षमता प्राप्त होगी।
पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) ने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें जिला पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था संधारण तथा पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी आम नागरिकों को न्याय दिलाना और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना है।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षुओं को अपराध विवेचना, मर्ग जांच, शिकायत एवं आवेदन जांच की प्रक्रिया को गंभीरता और निष्पक्षता से संपादित करने के निर्देश दिए। साथ ही फरियादियों एवं आवेदकों के साथ शालीन, सम्मानजनक और मानवीय व्यवहार बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
जिले के विभिन्न थाना एवं चौकियों में पदस्थ प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को अपराध विवेचना, मर्ग जांच, शिकायत जांच तथा कानून-व्यवस्था ड्यूटी के साथ-साथ थाना स्तर के विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें प्रधान आरक्षक मोहर्रिर कार्य, गश्त संचालन, रात्रि गश्त एवं पेट्रोलिंग, सीसीटीएनएस संचालन, संतरी ड्यूटी, मददगार कार्य, मुलजिम पेशी, न्यायालयीन कार्यवाही तथा बीट आरक्षक के दायित्वों की व्यावहारिक जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों एवं अनुभवी पुलिसकर्मियों द्वारा दी जाएगी।
जिला व्यवहारिक प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों को कानून-व्यवस्था ड्यूटी, जनसंपर्क, अपराध नियंत्रण एवं पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव भी प्राप्त होगा। इससे वे भविष्य में सक्षम, संवेदनशील एवं दक्ष पुलिस अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियों
का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकेंगे।
पुलिस विभाग का मानना है कि प्रशिक्षु अधिकारियों की सहभागिता से जिले की पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं जनोन्मुखी बनेगी, जिससे आम जनता को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
रघु साहू जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़


