पुलिसिंग जनजागरूकता से सड़क दुर्घटना मृत्युदर में 23% की कमी वर्ष 2026 में इसी अवधि में यह संख्या घटकर 97 रह गई है।

 रघु साहू

जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़




जांजगीर-चांपा,  जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस द्वारा चलाए गए व्यापक जनजागरूकता अभियान, सामुदायिक पुलिसिंग और प्रभावी यातायात प्रवर्तन के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। जांजगीर-चांपा जिले में मई 2026 तक सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर में पिछले वर्ष की तुलना में 23 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में जिलेभर में सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। जिला पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में मई माह तक सड़क दुर्घटनाओं में 127 लोगों की मृत्यु हुई थी, जबकि वर्ष 2026 में इसी अवधि में यह संख्या घटकर 97 रह गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह उपलब्धि केवल पुलिस कार्रवाई का परिणाम नहीं है, बल्कि मीडिया की सतर्क भूमिका और आम नागरिकों के सहयोग से संभव हो सकी है। जागरूकता, प्रवर्तन और निगरानी के संयुक्त प्रयासों से सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है।

गांव-गांव चलाया गया जागरूकता अभियान

यातायात पुलिस की टीमों ने जिले के विभिन्न गांवों और कस्बों में पहुंचकर नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, तेज गति से बचने, हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने तथा ट्रिपल सवारी से परहेज करने की सलाह दी गई।

दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर विशेष ध्यान

जिले के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का यातायात पुलिस और संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सड़क मरम्मत, चौक-चौराहों पर प्रकाश व्यवस्था में सुधार, अवैध अतिक्रमण हटाने तथा दृश्यता बाधित करने वाले अवरोधों को दूर करने की कार्रवाई की गई। साथ ही प्रमुख दुर्घटना स्थलों पर ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट वाहन संचालन, ट्रिपल सवारी और नशे में वाहन चलाने जैसे कारणों के आधार पर लक्षित कार्रवाई की गई।

ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ सख्त कार्रवाई

जिला पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। पिछले पांच माह में 318 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ड्रिंक एंड ड्राइव मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी।

मवेशियों के गले में रेडियम पट्टी लगाने की पहल

राष्ट्रीय राजमार्गों पर रात्रिकालीन दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा घुमंतू मवेशियों के गले में रेडियम पट्टियां लगाई जा रही हैं। वाहन की रोशनी पड़ने पर ये पट्टियां दूर से दिखाई देती हैं, जिससे चालक समय रहते सतर्क हो सकें। इस अभिनव पहल को आम जनता का भी सहयोग मिल रहा है और इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं।

जनसहभागिता बनी सफलता की कुंजी

जिला पुलिस का मानना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में नागरिकों की बढ़ती जागरूकता और यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार व्यवहार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पुलिस ने भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रखने की बात कही है।

"सुरक्षित यातायात, सुरक्षित जीवन" के संकल्प के साथ जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन कर स्वयं तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।





रघु साहू

जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़

Post a Comment

Previous Post Next Post