रघु साहू जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़
जांजगीर-चांपा, 05 जून 2026// थाना बिर्रा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करही में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस सहायता केंद्र का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा श्री विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) ने विधिवत फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शक्ति श्री प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा श्री उमेश कुमार कश्यप, संयुक्त कलेक्टर शक्ति श्री अरुण सोम, बिर्रा सरपंच, करही सरपंच सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि यह पुलिस सहायता केंद्र क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करेगा। इसके संचालन से ग्रामीणों को छोटी-बड़ी घटनाओं की सूचना देने अथवा पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए दूरस्थ थाना या चौकी तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे अपराधों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होगी तथा असामाजिक तत्वों में कानून का भय बढ़ेगा।
पु
लिस सहायता केंद्र में 24 घंटे पुलिस बल की तैनाती रहेगी, जिससे क्षेत्रवासियों को हर समय तत्काल सहायता उपलब्ध हो सकेगी। ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने पुलिस विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
शुभारंभ के पश्चात पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक शक्ति श्री प्रफुल्ल ठाकुर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप ने केंद्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने तैनात पुलिस कर्मियों को आमजन के प्रति संवेदनशील एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने तथा प्रत्येक शिकायत पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पुलिस सहायता केंद्र परिसर में जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों एवं ग्रामीणों द्वारा वृहद स्तर पर वृक्षारोपण भी किया गया। अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
रघु साहूजिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़

