रघु साहू जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़
जांजगीर-चांपा, जांजगीर-चांपा पुलिस ने झपटमारी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों और दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटमारी में लूटे गए पांच मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें तथा 1,900 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में साइबर थाना और बलौदा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
ऐसे हुई थी वारदात
प्रार्थी विरेंद्र कुमार, निवासी मोहिरियामुड़ा, थाना हरदीबाजार, 28 मई 2026 को फसल कटाई के कार्य से नैला आया था। रात करीब 11 बजे वह अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहा था। लगभग 11:30 बजे पहरिया के आगे तालाब के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार अज्ञात युवकों ने उनकी बाइक रोक ली।
आरोपियों ने झपटमारी कर बैग में रखे तीन मोबाइल फोन और 40 हजार रुपये नकद लूट लिए तथा मौके से फरार हो गए। पीछा करने के दौरान प्रार्थी और उसका साथी मोटरसाइकिल से गिर पड़े, जिससे उन्हें हल्की चोटें आईं। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपियों के पास एक पल्सर और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल थी, जिन पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 245/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 304(2) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और साइबर तकनीक से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर रवाना की गईं। घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज तथा साइबर तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
बलवेदव सूर्या, निवासी औराईखुर्द दर्राभाठा, चौकी नैला
पंकज यादव, निवासी करमंदी बड़ेपारा, चौकी नैला
लखन कंवर, निवासी कचौरा, थाना उरगा, जिला कोरबा
राकेश यादव, निवासी कचौरा, थाना उरगा, जिला कोरबा
दुर्गेश सिंह, निवासी नवापारा, थाना उरगा, जिला कोरबा
इसके अलावा मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, थाना प्रभारी बलौदा निरीक्षक मनोहर सिन्हा, चौकी पंतोरा के सहायक उपनिरीक्षक जयनंदन मार्बल, प्रधान आरक्षक रमेश त्रिपाठी, लखेश्वर कंवर, साइबर थाना के आरक्षक माखन साहू, मोहम्मद शहबाज, प्रदीप दुबे, तथा चौकी पंतोरा के आरक्षक दिलीप माथुर, मोहम्मद अहमद कुरैशी, पुदम कश्यप, भुनेश्वर पटेल, युवराज सिंह और संतकुमार का विशेष योगदान रहा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
रघु साहू जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़
