जिला ब्यूरो चीफ बबलूजयसवाल
मनेन्द्रगढ़। भीषण गर्मी और तपती धूप के बीच मारवाड़ी युवा मंच, मनेन्द्रगढ़ ने मानव सेवा का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया, जिसने समाज में सेवा, समर्पण और सहयोग की नई मिसाल कायम की है। मंच द्वारा 26 मार्च से 2 जून तक लगातार लगभग 70 दिनों तक निःशुल्क शीतल शरबत वितरण अभियान संचालित किया गया, जिससे हजारों राहगीरों को गर्मी से राहत मिली।
प्रतिदिन लगभग 400 से 500 लोगों ने इस सेवा का लाभ उठाया। सुबह से शाम तक चलने वाले इस अभियान के दौरान राहगीरों, मजदूरों, रिक्शा चालकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को ठंडा शरबत उपलब्ध कराया गया। अनुमानतः पूरे अभियान में 35 हजार से अधिक लोगों की प्यास बुझाई गई।
मारवाड़ी युवा मंच के इस सेवा कार्य को समाज के लोगों का भरपूर सहयोग मिला। अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं, दानदाताओं एवं मंच सदस्यों ने तन, मन और धन से योगदान देकर इस अभियान को सफल बनाया। यही कारण रहा कि यह जनसेवा अभियान लगातार 70 दिनों तक निर्बाध रूप से चलता रहा।
मंच के पदाधिकारियों ने सभी सहयोगकर्ताओं एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मानव सेवा ही संगठन का मूल उद्देश्य है। गर्मी के मौसम में जरूरतमंदों और राहगीरों को राहत पहुंचाने के लिए यह अभियान शुरू किया गया था, जिसे समाज का अभूतपूर्व समर्थन प्राप्त हुआ।
उन्होंने कहा कि मारवाड़ी युवा मंच आगे भी जनहित, समाजसेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। मंच ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी समाज का स्नेह, विश्वास और सहयोग इसी प्रकार मिलता रहेगा।
गौरतलब है कि मारवाड़ी युवा मंच समय-समय पर रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, जरूरतमंदों की सहायता तथा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से समाज सेवा के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। शरबत सेवा का यह अभियान भी उसी सेवा भावना का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया है।

