सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण

 रघु साहू 

जिला ब्यूरों चीफ जांजगीर चांपा 




जांजगीर-चांपा, जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार ने किया। इस दौरान एसडीएम चांपा पवन कोसमा, एसडीएम पामगढ़, जिला परिवहन अधिकारी विवेक सिंह, एनएच-49 के सब इंजीनियर तथा पीडब्ल्यूडी शिवरीनारायण क्षेत्र के सब इंजीनियर डी.सी. दिनकर भी उपस्थित रहे।

संयुक्त टीम ने थाना चांपा क्षेत्र के हथनेवरा चौक (एनएच-49), जांजगीर क्षेत्र के ग्राम तिलाई, अकलतरा क्षेत्र के अमरताल रोड तथा पामगढ़ थाना क्षेत्र के दुपट्टा मोड़ का निरीक्षण किया। ये ऐसे स्थान हैं जहां पूर्व में सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं तथा जिन्हें ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित किया गया है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क की स्थिति, यातायात व्यवस्था, संकेतकों की उपलब्धता, मोड़ों की संरचना तथा ब्लैक स्पॉट की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। जांच में तेज गति से वाहन चलाना, यातायात नियमों का उल्लंघन, पर्याप्त संकेतकों और रोड मार्किंग का अभाव, सड़क किनारे अतिक्रमण, खराब रोड शोल्डर, दृश्यता बाधित करने वाले मोड़ तथा कुछ स्थानों पर सड़क संरचना की खामियों को दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों के रूप में चिह्नित किया गया।

अधिकारियों ने संबंधित विभागों को चेतावनी संकेतक लगाने, स्पीड ब्रेकर निर्माण, सड़क मरम्मत, अतिक्रमण हटाने तथा यातायात नियंत्रण व्यवस्था को सुदृढ़ करने जैसे आवश्यक सुधारात्मक उपायों पर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके लिए संबंधित विभागों को पत्राचार भी किया जाएगा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह गंभीर और सतर्क है। दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए लगातार अभियान और निगरानी की जाएगी।

प्रशासन ने आम नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।


रघु साहू 

जिला ब्यूरों चीफ जांजगीर चांपा

Post a Comment

Previous Post Next Post