नाबालिग से दुष्कर्म मामले में सहयोगी आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अब भी फरार

 रघु साहू 

जिला ब्यूरों चीफ 

जांजगीर चांपा 





जांजगीर-चांपा, 3 जून 2026। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म एवं धमकी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सहयोगी आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं मामले का मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश लगातार जारी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी ने पीड़िता के फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया था। इसके बाद 19 मई 2026 की रात मुख्य आरोपी अपने मित्र आनंद कुमार चौहान (19 वर्ष), निवासी पथर्रा, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा के साथ पीड़िता के घर पहुंचा और उसे बाहर बुलाने लगा। पीड़िता के मना करने पर मुख्य आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और वहां से फरार हो गया।

पीड़िता की शिकायत पर थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 169/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2), 3(5) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 एवं 6 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

नाबालिग बालिका से संबंधित गंभीर अपराध को देखते हुए नवागढ़ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सहयोगी आरोपी आनंद कुमार चौहान को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने मुख्य आरोपी की सहायता करने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार मामले का मुख्य आरोपी अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी के संबंध में सुराग मिलने पर शीघ्र गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पांडे, सहायक उपनिरीक्षक नजीर हुसैन तथा नवागढ़ थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



रघु साहू 

जिला ब्यूरों चीफ 

जांजगीर चांपा

Post a Comment

Previous Post Next Post