हरियाली से सजेगा खोँगापानी, अध्यक्ष ललिता यादव के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल 



एमसीबी खोँगापानी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पंचायत खोँगापानी द्वारा व्यापक पौधरोपण अभियान चलाया गया। नगर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ललिता रामा यादव ने किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधरोपण करते हुए कहा कि प्रकृति का संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत खोँगापानी हरित विकास और स्वच्छ पर्यावरण के लिए लगातार प्रयासरत है तथा भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

अध्यक्ष श्रीमती यादव ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करे। उन्होंने कहा कि पौधे केवल पर्यावरण को शुद्ध नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की नींव भी तैयार करते हैं।

कार्यक्रम में नगर पंचायत उपाध्यक्ष विवेक चतुर्वेदी, पार्षद इरशाद अहमद, जितेंद्र गुप्ता, अनिरुद्ध यादव, पूर्व उपाध्यक्ष राजाराम कोल, कायमुद्दीन शेख, संतोष चौबे, दिलीप सिंह, अमित दास, उप अभियंता श्रीमती अर्चना गुप्ता, दीपा पटेल सहित नगर के गणमान्य नागरिक एवं नगर पंचायत के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए तथा उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जनभागीदारी और उत्साह का विशेष माहौल देखने को मिला।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह पौधरोपण अभियान नगर पंचायत खोँगापानी की पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बना और नगर को हरियाली की नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post