जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल
मनेंद्रगढ़। जिले में खेल प्रतिभाओं को तराशने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। जिला प्रशासन एवं खेल विभाग के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस 21 दिवसीय शिविर ने बच्चों और युवाओं को खेलों के प्रति नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और प्रेरणा प्रदान की।
13 मई से 2 जून तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में कक्षा पहली से बारहवीं तक के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। शिविर के दौरान खिलाड़ियों को एथलेटिक्स, क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, फुटबॉल और कराटे सहित विभिन्न खेलों का व्यवस्थित एवं तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। सुबह और शाम आयोजित प्रशिक्षण सत्रों में बच्चों ने पूरे समर्पण और उत्साह के साथ अभ्यास किया।
प्रशिक्षण की शुरुआत नियमित वार्मअप एवं शारीरिक व्यायाम से की जाती थी, जिससे खिलाड़ियों की फिटनेस और खेल क्षमता में निरंतर सुधार देखने को मिला। शिविर में शामिल बच्चों ने खेलों की बारीकियां सीखने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता जैसे महत्वपूर्ण गुण भी विकसित किए।
समापन समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने खिलाड़ियों की लगन और प्रशिक्षकों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन जिले में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने और नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करते हुए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री आशीष सिंह, पार्षद श्रीमती सुशीला सिंह एवं श्रीमती माया सोनकर, जिला शिक्षा अधिकारी श्री आर.पी. मिरे, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती इंद्रा मिश्रा तथा जिला खेल अधिकारी श्री विनोद जायसवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शिविर को सफल बनाने में खेल प्रशिक्षकों की भूमिका भी अत्यंत सराहनीय रही। प्रशिक्षकों ने पूरे प्रशिक्षण काल में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन कर उनके कौशल को निखारने का कार्य किया। समापन अवसर पर खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के उत्साह ने यह संदेश दिया कि जिले में खेलों के प्रति बढ़ती रुचि आने वाले समय में नई उपलब्धियों का मार्ग प्रशस्त करेगी।
