स्वच्छ भारत मिशन के तहत दिवाल लेखन का पेंटर को नहीं मिला भुगतान, लाखों रुपए पेंटर के नाम का पैसा दूसरे के खाते में डाल दिया


रिपोर्टर दीपक वर्मा

जिला जशपुर छत्तीसगढ़


जशपुर / पत्थलगाँव जनपद पंचायत के पूर्व सीईओ एससी कछवाहा को लेकर खबर आ रही है कि इनके द्वारा स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम के तहत दीवाल लेखन करने वाले पेंटर के नाम के लाखों रुपये अपने किसी परिचित के खाते में डाल दिये और जिस पेंटर ने दीवाल लेखन किया, वो पेंटर आज भी अपने मेहनत और पूंजी के पैसों के लिए दर दर भटक रहा है। पेंटर का नाम सुरेंद्र कुमार साहू है ।


पेंटर सुरेंद्र के द्वारा जिला पंचायत सीईओ एवं जनदर्शन में कलेक्टर को शिकायत की है कि 2017 -2018 में पत्थल गाँव के तात्कालीन जनपद सीईओ भजन साय के द्वारा जनपद अंतर्गत आने वाले 38 ग्राम पंचायतों में दीवाल लेखन करने के मौखिक आदेश दिए थे।तात्कालीन सीईओ के मौखिक आदेश पर पेंटर ने 38 गांव में दीवाल लेखन कर दिया लेकिन जब भुगतान की बारी आई तो उसे केवल 5 पंचायतों से ही पैसे मिले बाकी 33 पंचायतों से पैसे नहीं मिले ।वह काफी दिनों तक बाकी बचे पैसों के लिए चक्कर काटता रहा लेकिन उसे भुगतान नहीं मिला ।



आखिरी में उसने जब सूचना के अधिकार के तहत आवेदन लगाकर भुगतान की जानकारी निकाली तो पता चला कि दीवाल लेखन के नाम पर रुपयों का आहरण भी हो गया और ये रुपये लैलूंगा के किसी गोपाल प्रसाद मेहर के खाते में डाल दिये गए। जानकारी के मुताबिक चेक क्रमांक 000019 से 12 सितम्बर 2019 को 1 लाख 98 हजार और चेक क्रमांक 000020 से 16 सितंबर को 2 लाख 2 हजार आईसी मद के रुपये गोपाल मेहर के खाते में डाल दिये गए ।


इस मामले में जब पत्थल गाँव जनपद के तात्कालीन सीईओ एएससी कछवाहा से सम्पर्क किया गया तो उन्होंने इन सारे आरोपो को बेबुनियाद और तथ्यहीन बताते हुए उनकी छवि धूमिल करने का कुप्रयास बताया । उन्होंने कहा कि पेंटर सुरेंद्र के द्वारा जिस मद के भुगतान को लेकर आरोप लगाए गए हैं वो आरोप तथ्य से परे है ।क्योंकि उन्होंने गोपाल प्रसाद मेहर को जो भुगतान किया है उसके लिए बाकायदे जिला पंचायत सीएईओ ने कार्य करने के आदेश जारी किये हुए थे। कछवाहा ने हमे कार्यालय जिला पंचायत द्वारा 24 जून 2019 को जारी एक कार्यादेश की प्रति दिखाया जिसमे स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत 1 जून 2019 से 31 जुलाई 2019 तक ओडीएफ स्थायित्व तथा ओडीएफ प्लस की जागरूकता हेतु आई ई सी अभियान चलाने के आदेश जारी किए गए हैं । इस आदेश के अंतर्गत प्रत्येक गाँव हेतु 4 दीवार लेखन जनपद पंचायत के सभी गावो में किया जाना अनिवार्य था । इसी कार्यादेश के आधार पर दीवार लेखन के कार्य कराए गए और इसी कार्य के लिए लैलूंगा के फर्म गोपाल प्रसाद मेहर को 1 लाख 98 हजार और 2 लाख 2 हजार के चेक जारी किए गए थे । इस भुगतान का तात्कालीन सीईओ भजन साय के। मौखिक आदेश वाले कार्य से कोई लेना देना ही नहीं है । दूसरे मद के मामले को दूसरे मद से जोड़कर उन्हें बेवजह बदनाम किया जा रहा है। कछवाहा ने आगे बताया कि गोपाल प्रसाद मेहर के नाम से जो चेक जारी हुए हैं उस चेक में पत्थलगाँव के तात्कालीन एसडीएम और सीईओ के संयुक्त हस्ताक्षर से जारी हुए है ।

Post a Comment

Previous Post Next Post