रघु साहू जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़
अकलतरा। मामूली विवाद में चाकू और लोहे की चेन से जानलेवा हमला करने के मामले में 16 माह से फरार चल रहे आरोपी को अकलतरा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपी के घर पहुंचने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे पकड़ लिया।
मामला 6 जुलाई 2025 का है। अमन सारथी अपने साथियों के साथ कपड़ा खरीदने अकलतरा आया था। इसी दौरान सिंघानिया पेट्रोल पंप के पास वाहन पर बैठकर सिगरेट पीने की बात को लेकर यूडी यादव और उसके साथियों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देकर हाथ-मुक्कों, चाकू और चेन से हमला कर दिया। चाकू के वार से निलेश्वर भैना के पेट में गंभीर चोट आई और वह मौके पर बेहोश हो गया था।
घटना के संबंध में थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 360/2025 के तहत धारा 109(1), 3(5) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। घटना के बाद से भूपेन्द्र उर्फ मोटू सिंह राजपूत (26), निवासी पोड़ीभाठा वार्ड क्रमांक 1, अकलतरा फरार चल रहा था।
सूचना मिलते ही घेराबंदी
फरार आरोपी के अपने घर आने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अकलतरा डॉ. मिखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में थाना स्तर पर तत्काल टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आरोपी के निवास की घेराबंदी कर दबिश दी और उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी को 23 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी अकलतरा जय कुमार साहू, उप निरीक्षक बाबूलाल कोसरिया, आरक्षक शेषनारायण साहू, महेन्द्र राज सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Post a Comment