रघु साहू जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़
जांजगीर-चांपा,
इंस्टाग्राम के जरिए हुई पहचान का फायदा उठाकर एक युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने तथा बाद में शादी का झांसा देकर उसके साथ अनाचार करने के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों की भूमिका मामले की विवेचना के दौरान सामने आई, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता 15 सितंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे दुकान जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान इंस्टाग्राम के माध्यम से परिचित हुए युवक इन्द्रजीत ठाकुर उर्फ ईशु, निवासी पेंड्रावन, थाना धमधा, जिला दुर्ग ने उसे कथित रूप से बहला-फुसलाकर अपने साथ बिलासपुर, फिर दुर्ग और उसके बाद धमधा ले गया। पुलिस के अनुसार, धमधा क्षेत्र में आरोपी द्वारा पीड़िता के साथ अनाचार किया गया।
इसके अगले दिन धमधा क्षेत्र में काम करने वाले दूसरे आरोपी साहिल लहरी उर्फ सालू, निवासी डुमरीकला, थाना ढेलकाडीह, जिला राजनांदगांव, ने कथित रूप से युवती को शादी का झांसा देकर सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ अनाचार किया।
मामले के दौरान पीड़िता किसी तरह पुलिस को सूचना देने में सफल हुई। सूचना मिलने के बाद धमधा पुलिस की सहायता से परिजन पीड़िता को सुरक्षित घर लेकर आए।
सायबर तकनीक के जरिए आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। थाना चांपा पुलिस ने सायबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ और विवेचना में अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में इन्द्रजीत ठाकुर उर्फ ईशु को युवती से इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क कर उसे अपने साथ ले जाने के मामले में तथा साहिल लहरी उर्फ सालू को शादी का झांसा देकर अनाचार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे, थाना प्रभारी चांपा एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।


Post a Comment