जिला कांग्रेस कमेटी की प्रेसवार्ता: प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन 'सेवा संकल्प' नहीं बल्कि 'बेरोजगारी और वादाखिलाफी दिवस' के रूप में मनाए जाने की मांग


जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके कार्यकाल को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला गया। इस प्रेसवार्ता में पूर्व विधायक डॉ. विनय जायसवाल, निगम में नेता प्रतिपक्ष गायत्री बिरहा, ओमप्रकाश गुप्ता, शाहिद महमूद, विजय नेवार, मंजीत सिंह, राहुल भाई पटेल, रामावतार सिंगरौल और हबीब खान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा प्रधानमंत्री का जन्मदिन 'सेवा और समर्पण' के रूप में मनाना जनता के साथ क्रूर मजाक है, जबकि वास्तव में यह कार्यकाल विफलताओं से भरा रहा है। उन्होंने मांग की कि इस दिन को सेवा संकल्प के बजाय बेरोजगारी दिवस, महंगाई दिवस, वादाखिलाफी दिवस और किसान धोखा दिवस के रूप में मनाया जाना चाहिए।

प्रेसवार्ता में सौ दिन में महंगाई कम करने, हर साल दो करोड़ रोजगार देने, हर घर नल, हर सिर पर छत, काला धन वापस लाने और खातों में पंद्रह लाख रुपए भेजने जैसे पुराने वादों के पूरा न होने की बात कही गई। इसके अलावा नोटबंदी और जटिल जीएसटी प्रणाली से छोटे-मध्यम उद्योगों को हुए नुकसान तथा पेट्रोल-डीजल के दामों में वृद्धि पर भी केंद्र को घेरा गया। छत्तीसगढ़ के संदर्भ में 'मोदी की गारंटी' को विश्वासघात बताते हुए एक लाख सरकारी नौकरियों, पांच सौ रुपए में रसोई गैस, अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण, महतारी वंदन योजना और धान के एकमुश्त भुगतान के वादों के अधूरे रहने का मुद्दा उठाया गया। अंत में, कांग्रेस ने 'मोदी जी जवाब दें' के तहत अच्छे दिनों, रोजगार, महंगाई, किसानों की आय और विदेश नीति जैसे विभिन्न विषयों पर तैंतालीस तीखे सवाल पूछे और कहा कि यदि सरकार के पास उपलब्धियों के नाम पर केवल जीएसटी और नोटबंदी जैसी योजनाएं हैं, तो जन्मदिन इन्हीं विफलताओं के आधार पर मनाया जाना चाहिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post