रघु साहू जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़
जांजगीर-चांपा। भारत निर्वाचन आयोग के कामकाज और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े हालिया विवाद को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा 28 सितंबर, सोमवार को कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा। कांग्रेस ने इस आंदोलन के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी आपत्तियां दर्ज कराने और राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने की घोषणा की है।
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नागेंद्र गुप्ता ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्णयों को लेकर सामने आई मीडिया रिपोर्टों के बाद पार्टी ने आंदोलन का निर्णय लिया है। रिपोर्टों के अनुसार, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले करीब 10 महीनों में आयोग के कुछ फैसलों और प्रक्रियाओं पर कम से कम 14 बार लिखित आपत्तियां दर्ज कराई थीं। इनमें विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने, बदलाव तथा मतदाता डेटा और तकनीकी प्रणाली से जुड़े मुद्दे शामिल बताए गए हैं।
कांग्रेस का आरोप है कि इन निर्णयों और प्रक्रियाओं से मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। पार्टी ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई है। हालांकि, निर्वाचन आयोग की ओर से इन आपत्तियों को लेकर यह कहा गया है कि आयोग में अलग-अलग मत और आपत्तियां निर्णय प्रक्रिया का हिस्सा हो सकती हैं तथा आयोग के फैसले सर्वसम्मति से लिए जाने की बात भी सामने आई है।
जिला कांग्रेस के अनुसार, 28 सितंबर को दोपहर 1 बजे कांग्रेसजन जांजगीर-चांपा मार्ग स्थित मदनलाल पेट्रोल पंप के पास एकत्रित होंगे। यहां से पैदल मार्च करते हुए कलेक्टर मोड़ पहुंचेंगे। कांग्रेस द्वारा वहां मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन किए जाने की घोषणा की गई है। इसके बाद कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जिला निर्वाचन कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करेंगे।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल द्वारा कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने तथा उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग किए जाने की बात कांग्रेस ने कही है।
आंदोलन में जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप, अकलतरा विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह, पामगढ़ विधायक श्रीमती शेषराज हरवंश, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल सहित प्रदेश एवं जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पार्षद, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत सदस्य शामिल होंगे।
इसके अलावा युवा कांग्रेस, छात्र संगठन, सेवादल, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, इंटक, मजदूर कांग्रेस सहित विभिन्न प्रकोष्ठों और संगठनों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की सहभागिता प्रस्तावित है। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना जनआंदोलन बताया है।

Post a Comment