बंधक जमीन को भारमुक्त बता 49.70 लाख की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार

 


रघु साहू जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़ 

जांजगीर-चांपा, चांपा थाना क्षेत्र में जमीन को भारमुक्त एवं विवादरहित बताकर 49.70 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी हरिशंकर गुप्ता (44) निवासी मारुति विहार कॉलोनी, चांपा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी वरुण सोमानी निवासी तहसील रोड, बरपाली चौक चांपा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने ग्राम पोड़ीकला स्थित 22 खसरों की कुल 4.95 एकड़ भूमि को भारमुक्त एवं विवादरहित बताते हुए 29.70 लाख रुपये में सौदा किया था। पूरी राशि प्राप्त करने के बाद आरोपी ने 14 जुलाई 2025 को विक्रय इकरारनामा भी निष्पादित किया।

बाद में आरोपी ने उक्त भूमि में से 9 खसरों की कुल 2.37 एकड़ भूमि किसी अन्य व्यक्ति को बेचकर उसकी रजिस्ट्री करा दी। शेष भूमि की रजिस्ट्री के लिए कहने पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। राजस्व अभिलेखों की जांच में भूमि के बैंक में बंधक होने की जानकारी सामने आई।

इसी प्रकार आरोपी ने प्रार्थी के पिता से भी चांपा स्थित भूमि-मकान को भारमुक्त एवं विवादरहित बताकर 20 लाख रुपये प्राप्त किए थे। जांच में उक्त संपत्ति के भी बैंक में बंधक होने की जानकारी सामने आई।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना चांपा में अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में थाना चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हरिशंकर गुप्ता को गिरफ्तार किया। पूछताछ एवं आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह सहित थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post