झगराखांड में ‘उदय शांति वृद्धा आश्रम’ का भव्य शुभारंभ: स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने बुजुर्गों को सौंपा सम्मान और सुरक्षा का नया आशियाना



‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 25 सीटर आश्रम का लोकार्पण, बुजुर्गों को भेंट की गई गीता, रामायण व शॉल

 कलेक्टर संतन देवी जांगड़े के कड़े निर्देश: बुजुर्गों के स्वास्थ्य, योग, सैर-सपाटे और रचनात्मक गतिविधियों में न हो कोई कोताही

जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल 

झगराखांड (एमसीबी)।

जिले के उपेक्षित और असहाय वृद्धजनों को अब अपनों की कमी नहीं खलेगी। नगर पंचायत झगराखांड के गेला झरिया दफाई (नॉर्थ जेकेडी) में समाज कल्याण विभाग के सहयोग और ग्राम विकास समिति के संचालन में तैयार ‘उदय शांति वृद्धा आश्रम’ का लोकार्पण छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने फीता काटकर किया। ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा को समर्पित इस 25 सीटर सर्वसुविधायुक्त आश्रम के शुरू होने से क्षेत्र के बुजुर्गों को सुरक्षित, गरिमामय और पारिवारिक परिवेश मिल सकेगा।

बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर: स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि बुजुर्गों की सेवा केवल प्रशासनिक कर्तव्य नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। कई बार विषम पारिवारिक परिस्थितियों के चलते वृद्धजन अकेले रह जाते हैं, ऐसे में यह आश्रम उन्हें सम्मानजनक जीवन और नया परिवार देगा।

 * आशीर्वाद से गढ़ेगा 2047 का विजन: मंत्री ने समाज कल्याण विभाग की ‘आशीर्वाद का दीया’ पहल की सराहना करते हुए कहा कि बुजुर्गों के आशीष से ही भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प पूरा होगा।

 * बेहतर सुविधाओं के निर्देश: उन्होंने आश्रम में नियमित पौष्टिक भोजन, शुद्ध पेयजल, अतिरिक्त शौचालय निर्माण और बुजुर्गों को हर हफ्ते बाह्य भ्रमण पर ले जाने के निर्देश दिए।

भावुक क्षणों के बीच स्वास्थ्य मंत्री ने उपस्थित बुजुर्गों का चरण स्पर्श कर हालचाल जाना और उन्हें श्रीमद्भगवद्गीता, रामायण, हनुमान चालीसा, शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का रखा जाए पूरा ख्याल: कलेक्टर संतन देवी

समारोह में विशिष्ट रूप से मौजूद कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने आश्रम की कार्यप्रणाली को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आश्रम में केवल रहने की जगह न बने, बल्कि यह बुजुर्गों के जीवन में नया उत्साह भरे।

 * सैर-सपाटा और रचनात्मकता: कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वृद्धजनों को समय-समय पर शहर के पार्कों, ऐतिहासिक स्थलों और बाजारों का भ्रमण कराया जाए।

 * सक्रिय दिनचर्या और योग: बुजुर्गों की रुचि के अनुसार सिलाई, अध्ययन, खेलकूद, बागवानी और नियमित योगाभ्यास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे उनका मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर बना रहे।

 * सीधे प्रशासन को सूचना: उन्होंने स्पष्ट किया कि आश्रम प्रबंधन को किसी भी संसाधन की आवश्यकता हो तो सीधे जिला प्रशासन से संपर्क करें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कार्यक्रम में नई लेदरी नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा, झगराखांड नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीमा यादव, समाज कल्याण विभाग की प्रभारी उप संचालक सुश्री अंजना रोस बेक सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post