रघु साहू जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़
जांजगीर चांपा जैजैपुर जनपद क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए वीबी-जी रामजी योजना के तहत 155 विकास एवं रोजगारमूलक कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों के लिए कुल 6 करोड़ 22 लाख 52 हजार रुपये की राशि स्वीकृत हुई है। स्वीकृति मिलने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से अपेक्षित कई जरूरी कार्यों के धरातल पर उतरने की उम्मीद बढ़ गई है।
स्वीकृत कार्यों में तालाब गहरीकरण, पक्की नाली निर्माण, चेकडैम, पुलिया, ग्रामीण सड़क, नहर सफाई, मुक्तिधाम सहित प्रतीक्षालय, बालिका शौचालय, आंगनबाड़ी भवन, खाद्यान्न भंडारण भवन और पौधरोपण जैसे कार्य शामिल हैं। इन कार्यों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना भी है।
क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के लिए राशि मंजूर की गई है। आमापाली में माइनर नहर की सफाई, बिछिया-आमापाली में तालाब गहरीकरण तथा कचंदा में खाद्यान्न भंडारण भवन एवं मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय के लिए स्वीकृति दी गई है। वहीं केकराभाठ में नए तालाब का निर्माण, कोटेतरा में तालाब गहरीकरण और गूचकुलिया में नया तालाब निर्माण जैसे कार्य भी प्रस्तावित हैं। मल्दा में इंद्रवन से संबंधित कार्य के लिए भी राशि स्वीकृत की गई है।
जरूरत के मुताबिक होंगे विकास कार्य
जनपद पंचायत जैजैपुर की अध्यक्ष पुष्पा खुंटे ने कहा कि विकास और रोजगार से जुड़े कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास गतिविधियों को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की प्राथमिक आवश्यकताओं के आधार पर कार्यों को पूरा कराने पर जोर रहेगा, ताकि स्वीकृत राशि का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंच सके।
इसके अलावा तरिया निर्माण तथा भोंथिया में सड़क किनारे पौधरोपण के लिए भी स्वीकृति मिली है। जनपद अध्यक्ष ने इन विकास कार्यों की मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

Post a Comment