रघु साहू जिला ब्यूरों चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़
जांजगीर-चांपा, 24 सितंबर 2026। थाना पामगढ़ पुलिस ने नाबालिग बालिकाओं से संबंधित अनाचार के दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पहले मामले में पुलिस टीम ने हरियाणा के गुरुग्राम से आरोपी को पकड़कर नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद किया, जबकि दूसरे मामले में प्रेम विवाह का झांसा देकर नाबालिग से अनाचार और धमकी देने के आरोप में आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं थाना पामगढ़ प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवशी के नेतृत्व में दोनों मामलों में कार्रवाई की गई।
गुरुग्राम से आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग सुरक्षित बरामद
पहले मामले में 16 अगस्त 2026 की रात एक नाबालिग बालिका के घर से लापता होने की सूचना पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 338/2026, धारा 137 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस टीम ने जांच के दौरान नाबालिग बालिका की तलाश करते हुए हरियाणा के गुरुग्राम क्षेत्र तक पहुंच बनाई। वहां से बालिका को सुरक्षित बरामद किया गया तथा आरोपी विष्णु पटेल (23 वर्ष), निवासी सेन्दरी को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान आरोपी द्वारा नाबालिग के साथ अनाचार किए जाने के तथ्य सामने आए। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
शादी का झांसा देकर अनाचार और धमकी देने का आरोप
दूसरे मामले में 22 सितंबर 2026 को नाबालिग पीड़िता ने थाना पामगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025 में उसकी पहचान जशवंत जानू उर्फ ज्वाला (25 वर्ष), निवासी जोरैला, थाना पामगढ़ से हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से पीड़िता से बातचीत करता था और प्रेम विवाह का झांसा देकर उसके साथ जबरदस्ती अनाचार किया। आरोप है कि घटना के संबंध में किसी को बताने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी जशवंत जानू उर्फ ज्वाला को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय
दोनों प्रकरणों में थाना पामगढ़ प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवशी के नेतृत्व में थाना स्टाफ ने त्वरित कार्रवाई की। नाबालिग से संबंधित मामलों में पुलिस द्वारा तत्परता से की गई कार्रवाई से दोनों प्रकरणों में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे भेजा गया।


Post a Comment