इलेक्शन लिटरेसी क्लब' का संयुक्त आयोजन : अपर कलेक्टर अनिल सिदार बोले— नए भारत की तकदीर तय करेंगे नवमतदाता; छात्राओं ने सीखी 'ECI-NET' ऐप से नाम जोड़ने की प्रक्रिया
जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल
मनेंद्रगढ़
सशक्त लोकतंत्र की बुनियाद अब कॉलेजों की कक्षाओं से मजबूत हो रही है। मनेंद्रगढ़ स्थित शासकीय विवेकानंद पीजी कॉलेज और शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित निर्वाचन साक्षरता कार्यशाला में युवाओं ने लोकतंत्र के महापर्व में अपनी सक्रिय और नैतिक भागीदारी का संकल्प लिया।
प्राचार्य प्रो. श्राबनी चक्रवर्ती के संरक्षण में आयोजित इस विशेष शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को न केवल मताधिकार का संवैधानिक महत्व समझाया, बल्कि डिजिटल तकनीकों के जरिए मतदाता बनने की पूरी प्रक्रिया भी व्यावहारिक रूप से सिखाई।
प्रशासनिक संदेश : अधिकारियों ने युवाओं में भरा जोश
* अपर कलेक्टर व उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार सिदार:
> "किसी भी देश के लोकतंत्र की रीढ़ वहां का जागरूक युवा होता है। महज 18 साल की उम्र पूरी कर मतदान केंद्र तक जाना ही काफी नहीं है, बल्कि बिना किसी प्रलोभन या दबाव के सही और जिम्मेदार जनप्रतिनिधि चुनना ही वास्तविक राष्ट्रसेवा है। युवा पीढ़ी को चुनावी प्रणाली की हर बारीकी को समझना होगा।"
>
* डिप्टी कलेक्टर सुश्री नेहा खलको:
> "एस.आई.आर. प्रणाली और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती में पहली बार वोट देने वाले युवाओं की भूमिका निर्णायक है। जागरूक युवा अपने साथ पूरे परिवार और समाज को सही दिशा दिखा सकता है।"
>
* जिला निर्वाचन पर्यवेक्षक सतीश कुमार द्विवेदी:
> "कॉलेजों में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) शुरू करने का उद्देश्य यही है कि युवाओं में भारतीय चुनाव प्रणाली और चुनाव आयोग की निष्पक्ष कार्यप्रणाली के प्रति गहरी समझ पैदा हो सके, ताकि वे देश के सजग नागरिक बन सकें।"
>
'ECI-NET' ऐप से अब उंगलियों पर होगा वोटर रजिस्ट्रेशन
कार्यशाला के तकनीकी सत्र में जिला निर्वाचन कार्यालय के सहायक प्रोग्रामर उपेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को भारत निर्वाचन आयोग के डिजिटल प्लेटफॉर्म 'ECI-NET' ऐप की कार्यप्रणाली समझाई। उन्होंने बताया कि कैसे घर बैठे मोबाइल से नया मतदाता पहचान पत्र बनवाया जा सकता है, नाम में संशोधन कराया जा सकता है या वोटर लिस्ट में अपना नाम खोजा जा सकता है। छात्राओं ने स्क्रीन पर लाइव डेमो देखकर डिजिटल चुनावी सेवाओं का व्यावहारिक ज्ञान हासिल किया।
कार्यक्रम की रूपरेखा और उपस्थिति
कार्यक्रम का संचालन जिला स्वीप नोडल व गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. सरोज बाला त्यागी बिश्नोई ने प्रभावी अंदाज में किया, जबकि नोडल अधिकारी डॉ. नसीमा बेगम अंसारी ने आभार व्यक्त किया।
आयोजन को सफल बनाने में डॉ. रश्मि तिवारी, डॉ. प्रभा राज, अरुणिमा दत्ता, भीमसेन भगत, रंजीत मणि सतनामी, स्मृति अग्रवाल, सुनील कुमार गुप्ता, कमलेश पटेल सहित महाविद्यालय के समस्त अतिथि व्याख्याताओं और कार्यालयीन स्टाफ का विशेष योगदान रहा।


Post a Comment