विवेकानंद कॉलेज में सुबह 10 बजे से बहेगी 'सेवा की त्रिवेणी' : स्वास्थ्य शिविर, ब्लड डोनेशन और छात्र प्रवेश उत्सव; शाम को घर-घर दीप जलाकर दीर्घायु की कामना करेंगी जिलाध्यक्ष चंपा देवी
| मनेंद्रगढ़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 सफल वर्षों के उपलक्ष्य में 17 सितंबर को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला सेवा और संकल्प के महाकुंभ का गवाह बनेगा। जिले में 'सशक्त MCB सेवा संकल्प अभियान' के तहत दिनभर स्वास्थ्य सेवाओं और जीवनदान का दौर चलेगा, जबकि शाम ढलते ही 'आशीर्वाद का दीया' अभियान के जरिए पूरा अंचल दीपों के उजाले से जगमगा उठेगा।
कार्यक्रम की कमान संभालते हुए कैबिनेट स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इसे जिले के विकास और जन-कल्याण का महापर्व बताया, वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले ने हर चौखट पर दीप जलाकर इसे ऐतिहासिक जनभागीदारी का रूप देने की अपील की है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल : "सेवा ही सच्चा संकल्प, हर नागरिक तक पहुंचेगा स्वास्थ्य का कवच"
> "प्रधानमंत्री जी का पूरा जीवन राष्ट्र और गरीबों की सेवा को समर्पित रहा है। इसी प्रेरणा से मनेंद्रगढ़ में 'सशक्त MCB सेवा संकल्प अभियान 2026' का दूसरा चरण शुरू हो रहा है। विवेकानंद महाविद्यालय में वृहद स्वास्थ्य शिविर और विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन कर हम हर जरूरतमंद तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचा रहे हैं। सबसे खास बात यह है कि शासकीय मेडिकल कॉलेज मनेंद्रगढ़ के प्रथम वर्ष के छात्रों का प्रवेश उत्सव भी इसी पावन दिन शुरू हो रहा है, जो जिले के मेडिकल इतिहास में नया मील का पत्थर साबित होगा।"
>
भाजपा जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले : "आशीर्वाद के दीपों से रोशन होगी हर चौखट, पीएम के लिए करेंगे मंगलकामना"
> "17 सितंबर की शाम जिले का हर घर, हर सरोवर और हर देवालय रोशनी से जगमग होगा। 'आशीर्वाद का दीया' केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि अपने लोकप्रिय प्रधानसेवक के प्रति जनता के अगाध विश्वास और कृतज्ञता का प्रतीक है। मनेंद्रगढ़, चिरमिरी, भरतपुर, खड़गवां, पसौरी से लेकर केल्हारी तक कार्यकर्ताओं ने घर-घर संपर्क साधा है। हमारी माताओं-बहनों, युवाओं और बुजुर्गों से अपील है कि वे कल शाम अपने घरों में दीया जलाकर प्रधानमंत्री जी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु का आशीर्वाद दें।"
>
17 सितंबर : सुबह से शाम तक के 4 बड़े आयोजन
विशाल रक्तदान शिविर (सुबह 10:00 से शाम 5:00 बजे): विवेकानंद कॉलेज परिसर में 'रक्तदान-महादान' अभियान चलेगा, जहां युवाओं की टोलियां जरूरतमंदों के लिए रक्त दान करेंगी।
* वृहद स्वास्थ्य मेला (सुबह 11:00 बजे से): विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न बीमारियों की निशुल्क जांच, परामर्श और दवाओं का वितरण किया जाएगा।
* मेडिकल कॉलेज छात्र प्रवेश उत्सव (दोपहर 2:00 बजे): शासकीय मेडिकल कॉलेज के नए बैच का भव्य स्वागत और 'सशक्त MCB' अभियान का औपचारिक शुभारंभ होगा।
* 'आशीर्वाद का दीया' महा-दीपोत्सव (शाम 6:00 बजे से): जिले के सभी प्रमुख तालाबों, सरोवरों, चौपालों और घरों में एक साथ लाखों दीप प्रज्वलित कर जनसेवा के 25 वर्षों का उत्सव मनाया जाएगा।
(इस भव्य आयोजन में विधायक रेणुका सिंह, योग आयोग अध्यक्ष संजय अग्रवाल, जिपं अध्यक्ष यशवंती सिंह, महापौर राम नरेश राय, नपा अध्यक्ष प्रतिमा यादव सहित सभी प्रशासनिक अधिकारी व गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।)


Post a Comment