SECL के सूने क्वार्टर में सेंध लगाने वाला शातिर 'टॉमी' चढ़ा पुलिस के हत्थे, चोरी का माल व सब्बल बरामद

 



गोदरिपारा में ताला तोड़कर उड़ाए थे कीमती बर्तन व साड़ियां; चिरमिरी पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सुलझाई गुत्थी

• मुखबिर की सटीक सूचना पर धराया आरोपी सोनू उर्फ टॉमी; वारदात में शामिल दूसरा साथी फरार, तलाश जारी

• पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी वासुदेव परगनिहा की टीम को मिली बड़ी सफलता

जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल 8

चिरमिरी मनेंद्रगढ़

बंद पड़े सूने मकानों को निशाना बनाने वाले नकबजनों के खिलाफ चिरमिरी पुलिस को एक अहम कामयाबी हाथ लगी है। एकतानगर गोदरिपारा स्थित एसईसीएल (SECL) क्वार्टर का ताला तोड़कर चोरी करने वाले शातिर आरोपी सोनू उर्फ टॉमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए कांसे-फूल के बर्तन, साड़ियां एवं वारदात में प्रयुक्त लोहे का सब्बल बरामद कर लिया है। मामले में शामिल एक अन्य फरार आरोपी की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।

बीमारी के कारण पैतृक गांव गई थी महिला, पीछे से सूने क्वार्टर को बनाया निशाना

पुलिस से प्राप्त विवरण के अनुसार, प्रार्थिया बोदली बाई (61 वर्ष), पति स्व. रामकृपाल, निवासी बिशुनपुर (थाना चरचा, जिला कोरिया) एसईसीएल से सेवानिवृत्ति के उपरांत गोदरिपारा स्थित क्वार्टर में निवासरत थीं। अस्वस्थ होने के कारण वह बीते 6 सितंबर को अपने पैतृक गांव बिशुनपुर चली गई थीं।

गत 26 सितंबर को जब वह वापस अपने क्वार्टर लौटीं, तो उनके होश उड़ गए। क्वार्टर का मुख्य दरवाजा और ताला टूटा पड़ा था तथा भीतर रखे फूल-कांसे के बर्तन, कीमती साड़ियां सहित लगभग 17,000 रुपये मूल्य का सामान नदारद था। प्रार्थिया की शिकायत पर चिरमिरी थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(ए) के तहत अपराध क्रमांक 367/2026 दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

मुखबिर नेटवर्क से खुला राज, घेराबंदी कर दबोचा

चोरी की वारदात को गंभीरता से लेते हुए एमसीबी पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के सतत मार्गदर्शन में थाना प्रभारी वासुदेव परगनिहा के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। विवेचना के दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि स्थानीय युवक सोनू उर्फ टॉमी चोरी के सामान को ठिकाने लगाने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर संदेही सोनू उर्फ टॉमी (सोनू कुमार सोनमान, निवासी एकतानगर गोदरिपारा) को हिरासत में लिया। थाने लाकर कड़ी पूछताछ करने पर उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर क्वार्टर में चोरी करने का जुर्म कबूल कर लिया।

चोरी का माल और वारदात में इस्तेमाल सब्बल जब्त

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गई सामग्री शत-प्रतिशत बरामद कर ली, जिसमें शामिल हैं:

 * 03 नग फूल/कांसे की थाली

 * 01 नग कांसे की परात

 * 01 नग सिल्वर का गंजा

 * 01 नग ट्रॉली बैग सहित 05 नग कीमती साड़ियां

 * दरवाजा तोड़ने में प्रयुक्त 01 लोहे का सब्बल

पुलिस ने विधिवत् जब्ती की कार्रवाई पूरी कर आरोपी को दोपहर 12:40 बजे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वारदात में लिप्त दूसरे फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

अंधे कत्ल और चोरी के मामलों को तत्परता से सुलझाने वाली इस टीम में थाना प्रभारी चिरमिरी वासुदेव परगनिहा, सहायक उपनिरीक्षक बंधुराम, प्रधान आरक्षक अशोक मलिक (क्र. 54), आरक्षक सुरेश तिग्गा (क्र. 133), सैनिक रामजी गुप्ता (क्र. 158) एवं सैनिक प्रमोद साहू (क्र. 36) की सक्रिय व सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post