S.I. उमेंद्र मिश्रा को सेवानिवृत्ति पर S.P. द्वारा दी गई भावभीनी विदाई



 रघु साहू जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़ 

जांजगीर-चांपा, 30 सितंबर 2026 पुलिस विभाग में दीर्घकालीन, अनुशासित एवं समर्पित सेवाएं देने के बाद थाना चांपा में पदस्थ उपनिरीक्षक उमेंद्र मिश्रा आज सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय जांजगीर के सभा कक्ष में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

समारोह में पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय, IPS ने उपनिरीक्षक उमेंद्र मिश्रा को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने उनके सेवाकाल की सराहना करते हुए स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

पुलिस अधीक्षक श्री पाण्डेय ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और समर्पण का दायित्व है। लंबे समय तक निष्ठा, अनुशासन एवं कर्तव्यपरायणता के साथ पुलिस विभाग में सेवाएं देना गौरव की बात है। उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद के जीवन के लिए उपनिरीक्षक मिश्रा को शुभकामनाएं देते हुए उनके अनुभवों एवं सेवाओं को विभाग के लिए महत्वपूर्ण बताया।

सेवानिवृत्ति के दिन ही मिला पेंशन अदायगी आदेश

उपनिरीक्षक उमेंद्र मिश्रा की सेवानिवृत्ति से संबंधित आवश्यक विभागीय कार्यवाही समय-सीमा में पूर्ण कराई गई। मुख्य लिपिक श्री दिनेश शर्मा की सक्रियता एवं तत्परता से पेंशन संबंधी आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूरी की गईं। इसके फलस्वरूप सेवानिवृत्ति के दिन ही पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय द्वारा उन्हें पेंशन अदायगी आदेश प्रदान किया गया।

समय पर पेंशन अदायगी आदेश प्रदान किए जाने से सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी को उनके सेवानिवृत्ति संबंधी लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में विभाग की तत्परता एवं संवेदनशीलता भी सामने आई।

विदाई समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपनिरीक्षक उमेंद्र मिश्रा के साथ अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह में मुख्य लिपिक दिनेश शर्मा, रीडर-1 एएसआई अश्वनी राठौर, प्रधान आरक्षक देव रत्नाकर सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

समारोह का वातावरण आत्मीय एवं भावुक रहा। सहकर्मियों ने उपनिरीक्षक उमेंद्र मिश्रा के दीर्घ सेवाकाल और विभाग के प्रति उनके योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।

Post a Comment

Previous Post Next Post