रघु साहू जिला ब्यूरो चीफ, जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़)
ग्राम खोखरा में उधारी के पैसों को लेकर हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। शराब पीने के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि पत्थर से सिर पर वार कर देवनारायण सूर्यवंशी की हत्या कर दी गई। घटना के बाद से गांव में सनसनी फैल गई।
सूचक कमल सूर्यवंशी, निवासी सूर्या चौक खोखरा ने 19 नवंबर को थाना सिटी कोतवाली जांजगीर में सूचना दी कि 17 नवंबर की रात करीब 10 बजे उसके भाई देवनारायण सूर्यवंशी, ग्राम खोखरा निवासी इतवारी सूर्यवंशी एवं एक अन्य साथी के साथ बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि देवनारायण के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडेन यॉर्क एवं नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे को अवगत कराया गया। अधिकारियों के निर्देश पर थाना सिटी कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच प्रारंभ की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस की सीन ऑफ क्राइम यूनिट की टीम एवं पुलिस डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया। दोनों टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी इतवारी सूर्यवंशी को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने मृतक के साथ उधारी के पैसों के विवाद को लेकर मारपीट करना स्वीकार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कंक्रीट पत्थर जप्त किया गया है।
मामले में एक अन्य आरोपी घटना के बाद से फरार है, जिसकी पुलिस टीम द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद एवं लेनदेन के मामलों में कानून को अपने हाथ में न लें। किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Post a Comment