छठी मैया की भक्ति में डूबा एमसीबी: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने चिरमिरी से मनेंद्रगढ़ तक घाटों पर पहुचकर की पूजा-अर्चना, व्रतियों को दीं शुभकामनाएं

 


डोमनहिल छठ घाट पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब; अस्ताचलगामी व उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के दौरान मंत्री ने व्रती महिलाओं के बीच पहुंचकर मांगा क्षेत्र की खुशहाली का आशीर्वाद

जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल 

एमसीबी (मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर)। लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस महापर्व में स्थानीय विधायक एवं प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने चिरमिरी से लेकर मनेंद्रगढ़ तक विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं के साथ आस्था के रंग साझा किए। स्वास्थ्य मंत्री ने व्रती महिलाओं के बीच पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और छठी मैया से क्षेत्र एवं प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि व खुशहाली की कामना की।

डोमनहिल से शुरू हुई मंत्री की आस्था यात्रा, चिरमिरी के सभी प्रमुख घाटों पर किए दर्शन

अपनी वार्षिक परंपरा को निभाते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल संध्या अर्घ्य के अवसर पर सबसे पहले चिरमिरी के डोमनहिल छठ घाट पहुंचे। यहां उमड़े श्रद्धालुओं के विशाल जनसैलाब के बीच उन्होंने भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंत्री श्री जायसवाल ने छठ व्रत कर रही माताओं और बहनों से आत्मीय भेंट कर उन्हें लोक आस्था के इस कठिन व्रत व महापर्व की हार्दिक बधाई दी। डोमनहिल के बाद उन्होंने गोदरीपारा, बड़ा बाजार, हल्दीबाड़ी, कोरिया, पोड़ी और जीएम कॉम्प्लेक्स सहित चिरमिरी के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया।

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के समय मनेंद्रगढ़ के घाटों पर की सहभागिता

महापर्व के अगले चरण में उगते सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान भी स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मनेंद्रगढ़ के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने भोर की बेला में जल में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य दे रही व्रती महिलाओं के बीच पहुंचकर छठी मैया का आशीर्वाद लिया और समस्त क्षेत्रवासियों को पर्व की मंगलकामनाएं दीं।

पारंपरिक छठ गीतों और दीपों की रोशनी से सराबोर रहा डोमनहिल

इससे पूर्व संध्या अर्घ्य के दौरान चिरमिरी के डोमनहिल सहित सभी छठ घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सिर पर पूजा सामग्री से सजा टोकना और कंधे पर गन्ना उठाए श्रद्धालु भक्तिभाव से घाटों की ओर बढ़ते दिखे। हाथों में फलों से सजा सूप और उसमें प्रज्वलित दीप लिए व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि व संतान की मंगलकामना की। चारों ओर गूंजते पारंपरिक छठ गीतों और दीपों की जगमगाहट ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।

जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की रही गरिमामयी मौजूदगी

छठ महापर्व के इन आयोजनों में जनप्रतिनिधियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। चिरमिरी के घाटों पर नगर पालिक निगम के महापौर राम नरेश राय, जबकि मनेंद्रगढ़ में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव एवं नगर पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस महापर्व ने पूरे अंचल में पारिवारिक परंपरा, अटूट विश्वास और सामाजिक एकजुटता की अनूठी तस्वीर पेश की।

Post a Comment

Previous Post Next Post