उत्तरकाशी
रिपोर्ट संजय हराण
चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी)। चिन्यालीसौड़ स्थित बीरजा इंटर कॉलेज में आयोजित बाल मेला एवं मेधावी छात्र सम्मान समारोह में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने प्रतिभाग कर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
बाल मेले में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाकर अपनी रचनात्मकता, व्यावसायिक सोच एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने अपने स्टॉल के माध्यम से स्वरोजगार के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। साथ ही ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए नए-नए तरीके अपनाकर अपनी उद्यमशीलता का परिचय दिया।
समारोह के दौरान लॉटरी के माध्यम से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान सहित लगभग 100 छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई।
इस अवसर पर मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि बच्चों द्वारा तैयार किए गए स्टॉल और स्वरोजगार के प्रति उनकी सोच बेहद सराहनीय है। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, प्रतिस्पर्धा और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में ऐसे बाल मेलों का आयोजन प्रत्येक वर्ष नियमित रूप से होना चाहिए, जिससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और भविष्य में स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिले।
उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत की सराहना करते हुए विद्यालय के शिक्षकों एवं आयोजक विद्यालय परिवार को इस प्रेरणादायी पहल के लिए बधाई दी तथा सभी मेधावी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र रांगड़, विजय बड़ूनी, पूर्व प्रमुख विजेंद्र रावत, चैन सिंह महर, संजय कंडियाल, राकेश थपलियाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment