02 अक्टूबर को बेचने की तैयारी में अवैध शराब का जखीरा बरामद

 



रघु साहू जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़ 

शुष्क दिवस से पहले अवैध शराब के बड़े स्टॉक पर पुलिस की दबिश, 184 लीटर शराब जब्त

तहखाने और गुप्त कमरों में छिपाकर रखी थी शराब, अकलतरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

जांजगीर-चांपा, 02 अक्टूबर शुष्क दिवस के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अकलतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 184 लीटर अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 88,550 रुपये है, बरामद की है। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्री विजय पाण्डेय (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैंण्डन यार्ड के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।



इसी अभियान के तहत 28 सितंबर 2026 को अकलतरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि टेकूलाल बंजारे, पिता परदेशी बंजारे, उम्र 41 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 12, गुरुघासीदास मोहल्ला, अकलतरा द्वारा 02 अक्टूबर शुष्क दिवस के दौरान अवैध रूप से शराब बिक्री करने की तैयारी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी के मकान में घेराबंदी कर विधिवत तलाशी कार्रवाई की।

तलाशी के दौरान मकान के भीतर तहखाने एवं गुप्त कमरों में छिपाकर रखी गई देशी एवं अंग्रेजी शराब तथा बीयर बरामद हुई। पुलिस ने मौके से देशी प्लेन शराब, देशी मसाला शराब, अंग्रेजी व्हिस्की एवं बीयर समेत कुल 184 लीटर शराब जब्त की।

जब्त शराब में देशी प्लेन मंदिरा शोले ब्रांड 610 नग, रोमियो देशी प्लेन 128 नग, सुपर-30 देशी प्लेन 21 नग, शेरा देशी मसाला 07 नग, सुपर-30 मसाला 17 नग, जम्मू स्पेशल व्हिस्की 71 नग, ग्रांड कोलबिया स्पेशल व्हिस्की 57 नग, गोवा स्पेशल व्हिस्की 09 नग, मेकडॉवेल नंबर-1 23 नग तथा सिम्बा एक्स्ट्रा बीयर 22 नग शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपी टेकूलाल बंजारे के विरुद्ध थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 587/2026, धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की। आरोपी को गिरफ्तार कर 29 सितंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का सख्त रुख

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शुष्क दिवस का उल्लंघन कर अवैध शराब का निर्माण, संग्रहण, परिवहन अथवा बिक्री करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस द्वारा सूचना तंत्र को मजबूत करते हुए ऐसे मामलों में त्वरित एवं वैधानिक कार्रवाई पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

उक्त कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक जय साहू, सउनि दाउलाल बरेठ, म.प्र.आर. स्वाती गिरोलकर, आरक्षक महेन्द्र राज, आरक्षक शेषनारायण साहू, आरक्षक शैलेन्द्र राठौर, राजेन्द्र कहरा एवं कृष्णा पटेल का सराहनीय योगदान रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post