सेवा संकल्प 2.0' का शंखनाद: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल बोले— 'जो कॉलेज छिनने का भ्रम फैला रहे थे, वे आकर व्यवस्था देख लें'; मेगा हेल्थ कैंप में उमड़ा जनसैलाब, 19 यूनिट रक्तदान
जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल
मनेंद्रगढ़
कोरिया और एमसीबी अंचल के स्वास्थ्य इतिहास में गुरुवार का दिन एक ऐतिहासिक मोड़ के रूप में दर्ज हो गया। लंबे समय से प्रतीक्षित शासकीय मेडिकल कॉलेज मनेंद्रगढ़ अब कागजों से निकलकर पूरी तरह धरातल पर क्रियाशील हो चुका है। 'सेवा संकल्प अभियान 2026' के द्वितीय चरण के भव्य आगाज के साथ ही मेडिकल कॉलेज के प्रथम वर्ष के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का 'प्रवेश उत्सव' पूरे गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर इस शैक्षणिक सत्र की औपचारिक शुरुआत की और छात्र-छात्राओं को विशेष अध्ययन किट सौंपकर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम स्थल पर आयोजित विशाल स्वास्थ्य परीक्षण मेले में हजारों की तादाद में पहुंचे आम नागरिकों ने विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञों से नि:शुल्क जांच एवं उपचार की सुविधा प्राप्त की, वहीं दूसरी ओर युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान करते हुए 19 यूनिट रक्त जमा किया। इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
विरोधियों और अफवाहबाजों को सीधा जवाब: 50 छात्रों के अनुपात में 50 फैकल्टी की तैयारी
समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विरोधियों की शंकाओं को सिरे से खारिज किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिन राजनीतिक तत्वों द्वारा यह झूठा भ्रम फैलाया जा रहा था कि मनेंद्रगढ़ का मेडिकल कॉलेज कहीं और स्थानांतरित कर दिया जाएगा, उन्हें आज यहां स्थापित प्रशासनिक तंत्र और कक्षा में बैठे विद्यार्थियों को देखकर अपनी सोच बदलनी चाहिए। कॉलेज को 50 एमबीबीएस सीटों की स्वीकृति प्राप्त है, जिसमें से पहले चरण में राज्य कोटे की 31 सीटों पर छात्र दाखिला ले चुके हैं। सरकार का लक्ष्य 50 विद्यार्थियों पर 50 कुशल विशेषज्ञ प्राध्यापकों (फैकल्टी) की तैनाती सुनिश्चित करना है, ताकि यहां के छात्रों को देश के शीर्ष मेडिकल संस्थानों जैसी उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा मिल सके।
पीएम मोदी के सेवा पखवाड़े का उल्लेख, केंद्र की योजनाओं का बखान
स्वास्थ्य मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा पखवाड़े के रूप में मनाए जाने की परंपरा को रेखांकित करते हुए कहा कि जनसेवा, स्वच्छता और रक्तदान ही सच्चे अर्थों में देश निर्माण के प्रतीक हैं। उन्होंने वैश्विक महामारी कोरोना का उल्लेख करते हुए बताया कि भारत ने न केवल स्वदेशी वैक्सीन बनाकर अपने 140 करोड़ नागरिकों की जान बचाई, बल्कि दुनिया के अनेक देशों को भी संजीवनी उपलब्ध कराई। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से महिलाओं को चूल्हे के धुएं और बीमारियों से मुक्ति मिली, स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर-घर शौचालय का निर्माण हुआ और प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए हर बेघर को पक्की छत देने का संकल्प निरंतर पूरा हो रहा है।
जीवनदीप समिति के मानदेय में वृद्धि का ऐलान, हुआ भव्य नागरिक अभिनंदन
अस्पताल व्यवस्था की रीढ़ मानी जाने वाली जीवनदीप समिति के कर्मचारियों को स्वास्थ्य मंत्री ने बड़ी राहत देते हुए उनके मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की। इस ऐतिहासिक निर्णय से गदगद जीवनदीप समिति के सदस्यों और कर्मचारियों ने स्वास्थ्य मंत्री का विशाल महामाला पहनाकर आत्मीय नागरिक अभिनंदन किया।
वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक आला अफसरों की रही मौजूदगी
इस गरिमामय आयोजन के दौरान स्वास्थ्य शिविर का गहन निरीक्षण कर मरीजों से सीधे संवाद किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक एवं राजनीतिक जगत के प्रमुख चेहरे उपस्थित रहे, जिनमें छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत सिंह, मनेंद्रगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, लेदरी नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा, झगराखांड नगर पंचायत अध्यक्ष रीमा यादव, जानकी बाई खुसरो, जिला पंचायत सदस्य रामजीत लकड़ा, कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. अविनाश खरे, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) शिशिर जायसवाल, अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी सहित स्वास्थ्य विभाग के तमाम डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, नवप्रवेशी मेडिकल छात्र-छात्राएं और हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


Post a Comment