चिरमिरी पुलिस का नशे के सौदागरों पर बड़ा प्रहार: कालीबाड़ी रोड पर घेराबंदी कर 52 नशीले इंजेक्शन के साथ तस्कर आशीष जायसवाल दबोचा गया

 


टीआई वासुदेव परगनिहा के नेतृत्व में पुलिस ने बिछाया जाल, जुपिटर स्कूटी की डिक्की से रेक्सोजेसिक व एविल के नशीले वायल बरामद

  स्कूटी और मोबाइल सहित 53 हजार से अधिक का माल जप्त, एनडीपीएस की गैर-जमानती धारा 22(C) में आरोपी गया जेल

 एसपी रत्ना सिंह के अवैध नशा मुक्ति अभियान के तहत एमसीबी पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल 

चिरमिरी।

कोयलांचल में युवाओं की नसों में जहर घोलने वाले ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ एमसीबी पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसा है। थाना प्रभारी (टीआई) वासुदेव परगनिहा की सटीक रणनीति और मुस्तैदी से पुलिस टीम ने कालीबाड़ी क्षेत्र में घेराबंदी कर नशीले इंजेक्शनों की खेप खपाने निकले एक शातिर तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से घातक नशीले इंजेक्शन, तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी और मोबाइल फोन सहित कुल ₹53,200 का मशरूका बरामद किया गया है।

मुखबिर की सूचना पर टीआई ने संभाली कमान, मंदिर रोड पर हुई घेराबंदी

जिले में अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह (भापुसे) के सख्त दिशा-निर्देशों तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चिरमिरी पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी बीच टीआई वासुदेव परगनिहा को गोपनीय सूचना मिली कि बड़ा बाजार (टिकरापारा) निवासी आशीष जायसवाल (38 वर्ष) भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन लेकर नए ग्राहकों की तलाश में कालीबाड़ी क्षेत्र की ओर निकला है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी परगनिहा ने तत्काल विशेष टीम गठित कर खुद मोर्चा संभाला। पुलिस दल ने काली मंदिर के नीचे मुख्य मार्ग पर रणनीतिक घेराबंदी की और संदेही को जुपिटर स्कूटी (क्रमांक CG 16 CJ 3523) के साथ रोक लिया।

डिक्की खोलते ही मिला प्रतिबंधित इंजेक्शनों का जखीरा

जब पुलिस टीम ने वाहन की सघन तलाशी ली, तो स्कूटी की डिक्की से एक काले रंग की थैली में छुपाकर रखे गए प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद हुए। जांच में सामने आया कि आरोपी के पास:

 * Rexogesic (Buprenorphine Injection IP): 26 नग

 * Avil (Pheniramine Injection IP): 26 नग

कुल 52 वायल (अनुमानित बाजार मूल्य ₹18,200) मिले, जिनका उपयोग नशे के लिए कॉकटेल बनाकर किया जाता है। पुलिस ने तत्काल सभी नशीले इंजेक्शन, ₹25,000 मूल्य की स्कूटी और ₹10,000 का मोबाइल फोन सीलबंद कर जप्त कर लिया।

कड़ी गैर-जमानती धारा में भेजा गया सलाखों के पीछे

चिरमिरी पुलिस ने आरोपी आशीष जायसवाल (पिता स्व. रामलखन जायसवाल) के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(C) के तहत गैर-जमानती मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेशी के बाद अदालत ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस अब इस बात की कड़ियां जोड़ रही है कि आरोपी यह खेप कहां से लाया था और शहर में उसके ग्राहक कौन-कौन थे।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

नशे के इस खतरनाक नेटवर्क को ध्वस्त करने में थाना प्रभारी वासुदेव परगनिहा के साथ सहायक उपनिरीक्षक चित्रभान सिंह, प्रधान उपनिरीक्षक विजय सिंह गोंड, प्रधान आरक्षक अशोक मलिक (54), आरक्षक सुरेश तिग्गा (133), सैनिक प्रमोद (36) एवं सैनिक रामजी गुप्ता (158) की मुस्तैद भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post