टीआई की विशेष टीम ने बिछाया जाल, मुखबिर की सटीक सूचना पर नागपुर चौकी क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी
मनोवैज्ञानिक पूछताछ में टूटा आरोपी, जुर्म कबूलने के बाद भेजा गया सलाखों के पीछे
एसपी रत्ना सिंह के सख्त निर्देशों पर कोतवाली पुलिस चला रही फरार आरोपियों के खिलाफ ताबड़तोड़ अभियान
जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल
मनेंद्रगढ़।
रेलवे कॉलोनी में स्थित गैराज से लाखों के कॉपर वायर चोरी के चर्चित मामले में मनेंद्रगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी (टीआई) निरीक्षक विवेक पाटले के कुशल नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने त्वरित और रणनीतिक कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे शातिर आरोपी अंशु देवांगन को धर दबोचा। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल दाखिल करा दिया गया है।
टीआई विवेक पाटले ने संभाला मोर्चा, मुखबिर तंत्र से कसा शिकंजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह (भापुसे) ने फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाने के कड़े निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में कोतवाली टीआई विवेक पाटले ने खुद मोर्चा संभाला और विवेचना को गति देते हुए फरार आरोपियों की तलाश में सघन पतासाजी शुरू कराई।
टीआई पाटले ने अपने मुखबिर नेटवर्क को पूरी तरह सक्रिय किया, जिसका नतीजा यह रहा कि आरोपी के छिपने का सटीक सुराग मिल गया। सूचना मिलते ही टीआई के निर्देश पर पुलिस टीम ने नागपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम सेंधा (वार्ड क्रमांक 7) में घेराबंदी कर संदेही अंशु देवांगन (पिता स्व. समय लाल) को हिरासत में ले लिया।
मनोवैज्ञानिक पूछताछ में तोड़ी चुप्पी, कबूला जुर्म
टीआई विवेक पाटले और उनकी टीम ने जब पकड़े गए संदेही से मनोवैज्ञानिक तरीके से कड़ी पूछताछ की, तो वह ज्यादा देर अपने झूठ पर टिक नहीं सका और उसने रेलवे कॉलोनी स्थित गुरु दत्ता के गैराज से कॉपर वायर चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार कर लिया। जुर्म साबित होने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
पहले भी हो चुकी है बरामदगी व एक की गिरफ्तारी
गौरतलब है कि रेलवे कॉलोनी निवासी प्रार्थी गुरु दत्ता के गैराज से तांबे का तार चोरी होने के बाद कोतवाली में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई थी। पूर्व में पुलिस ने गिरोह के एक अन्य सदस्य राकेश यादव (22 वर्ष, पिता श्याम लाल) को गिरफ्तार किया था, जिसके कब्जे से चोरी के 10 कॉपर वायर और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (कुल कीमत लगभग ₹50,000) बरामद की गई थी। उसके अन्य साथी फरार थे, जिनकी तलाश में टीआई पाटले की टीम लगातार दबिश दे रही थी।
कार्रवाई में यह टीम रही शामिल
फरार आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाने की इस पूरी कामयाब कार्रवाई में कोतवाली टीआई निरीक्षक विवेक पाटले के साथ उपनिरीक्षक (PSI) भरत यादव, प्रधान आरक्षक राजकुमार सेन, प्रधान आरक्षक राकेश, आरक्षक मो. आजाद, साइबर सेल से आरक्षक प्रमोद यादव एवं होमगार्ड विनीत सोनी की सराहनीय भूमिका रही।
> कोतवाली टीआई विवेक पाटले की अपील:
> "शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखना और अपराधियों पर नकेल कसना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आम नागरिक किसी भी चोरी अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस को दें। समय पर सूचना मिलने से अपराधियों तक पहुंचना आसान होता है। फरार अपराधियों के खिलाफ पुलिस का यह सख्त अभियान आगे भी पूरी ताकत से जारी रहेगा।"
>

Post a Comment