यूथ कांग्रेस चुनाव के बीच सरगुजा में सियासी हलचल: भूपेश बघेल से मिले MCB के युवा नेता, समीकरण साधने की कवायद तेज


जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल 

अंबिकापुर/मनेन्द्रगढ़: छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव के गरमाते माहौल के बीच सरगुजा संभाग में राजनीतिक सरगर्मियां अचानक तेज हो गई हैं। अंबिकापुर में चल रहे कांग्रेस के संभाग स्तरीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले के प्रमुख युवा नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से खास मुलाकात की। इस अहम बैठक के बाद पार्टी के अंदरूनी गलियारों में नए सियासी समीकरणों को लेकर कयासबाजी का दौर शुरू हो गया है।

बंद कमरे में हुई मुलाकात, सोशल मीडिया पर आते ही मची हलचल

अंबिकापुर प्रवास के दौरान एमसीबी जिला युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष हाफिज मेमन, जिला प्रवक्ता व पार्षद स्वप्निल सिन्हा तथा युवा नेता शिवम सिंह राजपूत ने दानिश रफीक के निवास पर पूर्व मुख्यमंत्री से भेंट की। सामान्य शिष्टाचार के साथ शुरू हुई यह मुलाकात तब चर्चा के केंद्र में आ गई, जब पूर्व सीएम के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से इसकी तस्वीर साझा की गई। तस्वीर सार्वजनिक होते ही न केवल एमसीबी बल्कि पूरे संभाग के कांग्रेसी हलकों में रणनीतिक चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है।

अध्यक्ष पद की जंग और रणनीतिक मंथन

यह मुलाकात ऐसे मोड़ पर हुई है जब प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष की कुर्सी के लिए मुकाबला बेहद रोचक दौर में पहुंच चुका है। नामांकन प्रक्रिया के उतार-चढ़ाव और विवादों के बाद सत्येंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे मुख्य दावेदार के रूप में आमने-सामने हैं। मतदान की प्रक्रिया जारी रहने के दौरान एमसीबी के असरदार युवा चेहरों की भूपेश बघेल से यह मुलाकात महज औपचारिकता नहीं मानी जा रही है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि संभाग स्तर पर कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने और युवा विंग के भविष्य की रूपरेखा तय करने के लिहाज से यह संवाद बेहद महत्वपूर्ण है। हालांकि, यह बैठक किसी खास गुट के समर्थन का सीधा संकेत है या सामान्य संगठनात्मक तालमेल का हिस्सा, यह पूरी चुनावी तस्वीर साफ होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post