चार चोरी की बाइक बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

 



रघु साहू जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़

अकलतरा पुलिस से मिली जानकारी 

 के अनुसार, अकलतरा निवासी मदन मोहन सिंह ने 1 सितंबर 2026 को अपनी मोटर साइकिल चोरी होने की रिपोर्ट थाना अकलतरा में दर्ज कराई थी। इसके बाद 16 सितंबर को अकलतरा निवासी सनी तान्द्रे ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी आई स्मार्ट मोटर साइकिल क्रमांक CG-11-AD-6378 और एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG-10-BE-1646 को अज्ञात चोर घर के सामने से चोरी कर ले गए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में साइबर सेल और थाना अकलतरा की टीम ने चोरी के मामलों की जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही सोनू बरेठ और यश मानिकपुरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में सोनू बरेठ, पिता उज्जैन बरेठ, उम्र 23 वर्ष, निवासी कोरबा रेलवे स्टेशन वार्ड क्रमांक 9 इमलीडुग्गू ने अपने साथी यश मानिकपुरी और एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि एक मामले में पेशी के दौरान मोटर साइकिल की किस्त के संबंध में फाइनेंसर का फोन आया था। करीब 15 हजार रुपये की किस्त नहीं चुकाने पर मोटर साइकिल खींच लिए जाने की बात से वह परेशान था। इसके बाद उसने साथियों के साथ मिलकर अकलतरा रेलवे स्टेशन के पास खड़ी आई स्मार्ट मोटर साइकिल चोरी की और उसे नाबालिग साथी के माध्यम से 6 हजार रुपये में बेच दिया।

आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि इसके बाद अकलतरा रेलवे स्टेशन के पास दुकान के किनारे खड़ी एक्टिवा स्कूटी चोरी की गई। उसे भी करीब 6 हजार रुपये में बेचकर प्राप्त रकम खाने-पीने और दोस्तों के साथ पार्टी करने में खर्च की गई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की मोटर साइकिल सहित कुल चार मोटर साइकिल बरामद की हैं।

पुलिस ने आरोपी सोनू बरेठ और यश मानिकपुरी के विरुद्ध धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए 16 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को दी गई। मामला अजमानतीय होने के कारण दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अकलतरा निरीक्षक जयकुमार साहू, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, साइबर सेल एवं थाना अकलतरा के प्रधान आरक्षक वेंकट रमन पाटले, महिला प्रधान आरक्षक स्वाती गिरोलकर, आरक्षक महेन्द्र राज, शेष साहू, शैलेन्द्र राठौर और शंकर यादव का सराहनीय योगदान रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post