मेहंदीपारा में पहली बार बनी महिला कमांडो टीम, नशे के खिलाफ पुलिस ने छेड़ी जनजागरूकता मुहिम

 



रघु साहू जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़

स्वच्छता अभियान के जरिए दिया सामाजिक जागरूकता का संदेश, नशे के कारोबार से दूर होकर सम्मानजनक रोजगार से जोड़ने की पहल

चांपा। नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों और अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अब जनभागीदारी को अभियान का आधार बनाने की पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में गुरुवार को थाना चांपा क्षेत्र के मेहंदीपारा में विशेष जनजागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिला जांजगीर-चांपा के ग्रामीण क्षेत्रों के बाद पहली बार नगरीय क्षेत्र में महिला कमांडो का गठन किया गया। महिला कमांडो एवं स्थानीय नागरिकों ने मेहंदीपारा और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाकर नशामुक्ति, स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, नगर पालिका चांपा अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, उपाध्यक्ष अमरदीप खटकर, चांपा सेवा संस्थान के पुरुषोत्तम शर्मा, पार्षद, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी उपस्थित रहे।

नशे से दूर रहने का दिया संदेश

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने मेहंदीपारा तथा आसपास के नागरिकों से सीधे संवाद किया। लोगों को नशे के सेवन से होने वाले सामाजिक और पारिवारिक दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए नशे से पूरी तरह दूर रहने की अपील की गई। नागरिकों से अपने परिवार और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया गया।

पुलिस प्रशासन ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय सहभागिता से ही इसे प्रभावी बनाया जा सकता है। इस दौरान नागरिकों से नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस तक पहुंचाने और युवाओं को नशे से दूर रखते हुए उन्हें शिक्षा, रोजगार, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में सहयोग करने की अपील की गई।

शहरी क्षेत्र में पहली बार महिला कमांडो का गठन

जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में महिला कमांडो का गठन पहले से किया जा चुका है। इसी कड़ी में चांपा नगरीय क्षेत्र में पहली बार महिला कमांडो का गठन किया गया। महिला कमांडो की सहभागिता से मेहंदीपारा में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से महिलाओं की सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के साथ ही मोहल्ले को स्वच्छ और नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया।

नशे का कारोबार छोड़ने वालों को मिलेगा वैकल्पिक रोजगार का रास्ता

पुलिस प्रशासन ने नशे के अवैध कारोबार से जुड़े ऐसे लोगों को भी मुख्यधारा में लाने की पहल की है, जो इस गतिविधि को छोड़कर सम्मानजनक एवं वैकल्पिक आजीविका अपनाना चाहते हैं। ऐसे व्यक्तियों की रुचि और हुनर के अनुरूप उन्हें रोजगार एवं व्यवसाय से जोड़ने की दिशा में आवश्यक प्रयास किए जाने की बात कही गई।

इसके लिए कलेक्टर के माध्यम से शासन की उपलब्ध योजनाओं और स्वरोजगार के अवसरों से पात्र लोगों को जोड़कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों को वैकल्पिक आजीविका का अवसर देकर उन्हें समाज की मुख्यधारा में शामिल करना है।

मेहंदीपारा को आदर्श मोहल्ला बनाने का संकल्प

कार्यक्रम में चांपा नगर के नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। पुलिस प्रशासन और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर “नशामुक्त समाज–स्वस्थ समाज” के संकल्प को आगे बढ़ाने तथा मेहंदीपारा को एक आदर्श मोहल्ला बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन आमजन से नशे के खिलाफ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील के साथ हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post