हमले का राज खुला, एक आरोपी गिरफ्तार

 



पामगढ़। 

जांजगीर चांपा 

हत्या की नीयत से चाकू और बेसबॉल स्टिक से किए गए प्राणघातक हमले के मामले में पामगढ़ पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चाकू, बेसबॉल स्टिक और खून के निशान वाले कपड़े भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपी रितेश जायसवाल (25), पिता स्व. नरोत्तम जायसवाल, निवासी चण्डीपारा, थाना पामगढ़ को अकलतरा से पकड़ा गया। उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, चण्डीपारा निवासी कमलेश यादव (33) ने 16 सितंबर को थाना पामगढ़ में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 15 सितंबर को गाय को मारकर भागने की बात को लेकर योगेश यादव और गोलू मिरी ने संतोष जायसवाल के साथ मारपीट की थी। कमलेश इस घटना का गवाह था।

इसके अगले दिन 16 सितंबर की रात करीब 8:15 बजे कमलेश यादव अपने दोस्त गोलू उर्फ संजय मिरी के साथ मोटरसाइकिल से पामगढ़ की ओर जा रहा था। यासनी मंजिल, चण्डीपारा मेन रोड के पास आकाश जायसवाल, रितेश जायसवाल और मुक्कु यादव ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज करते हुए पूर्व की मारपीट को लेकर विवाद शुरू कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान आरोपियों ने पूर्व नियोजित तरीके से हमला किया। आकाश जायसवाल ने चाकू निकालकर गोलू उर्फ संजय मिरी पर वार किया। संजय ने बचने के लिए झुकने का प्रयास किया, लेकिन चाकू उसकी पीठ में लगा। इसके बाद वह मौके पर गिर गया। गंभीर चोट के कारण उसे उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया। वहीं मुक्कु यादव पर कमलेश यादव से बेसबॉल स्टिक से मारपीट करने और रितेश जायसवाल पर हाथ-मुक्के से हमला करने का आरोप है। इस मारपीट में कमलेश के सिर के ऊपर भी चोट आई।

घटना की रिपोर्ट पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 389/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 296, 351(3), 109(1), 61(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई।

चाकू, बेसबॉल स्टिक और कपड़े जब्त

विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चाकू और बेसबॉल स्टिक बरामद कर जब्त किया। इसके अलावा आरोपी द्वारा घटना के समय पहनी गई शर्ट और बनियान भी जब्त की गई। पुलिस के अनुसार, इन कपड़ों पर घायल गोलू उर्फ संजय मिरी के खून के निशान मिले हैं। पुलिस ने जब्त सामग्री को मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में शामिल किया है।

अकलतरा से पकड़ा गया आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन और एसडीओपी शिवरीनारायण तोमेश वर्मा के नेतृत्व में पामगढ़ पुलिस ने आरोपी रितेश जायसवाल की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने उसे 17 सितंबर को अकलतरा से हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, सउनि प्रमोद महार, प्रधान आरक्षक राजेश कोशले, आरक्षक भुनेश्वर पटेल और विनोद मनहर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post